पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव भावुक हुए, कहा – अब जिंदा रहने की इच्छा नहीं

Oct 07, 2025 - 19:37
0 416
पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव भावुक हुए, कहा – अब जिंदा रहने की इच्छा नहीं

पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव भावुक हुए, कहा – अब जिंदा रहने की इच्छा नहीं

एटा। अलीगंज विधानसभा से तीन बार समाजवादी पार्टी के विधायक रह चुके वरिष्ठ नेता रामेश्वर सिंह यादव तीन साल तीन महीने 14 दिन बाद जेल से जमानत पर रिहा होने के एक सप्ताह बाद पहली बार अपने कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। जैथरा कस्बा स्थित अपने कोल्ड स्टोर पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने भावुक होते हुए अपनी व्यथा साझा की। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रामेश्वर सिंह यादव की आंखें भर आईं। रोते हुए उन्होंने कहा कि उन पर झूठे बलात्कार के मुकदमे दर्ज कराए गए, जबकि न तो उन्होंने कभी किसी बहन-बेटी की तरफ नजर उठाकर देखा और न ही शिकायतकर्ता महिलाओं को वे जानते हैं।

उन्होंने कहा, “अब मेरी जिंदा रहने की इच्छा नहीं रही। मेरी उम्र 75 वर्ष है, लेकिन मुझे बलात्कार जैसे झूठे आरोपों में फंसाकर जेल भेजा गया।” पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि यदि उनकी रिहाई की जानकारी पहले सार्वजनिक हो जाती तो उन्हें और उनके छोटे भाई पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव को जेल से रिहा नहीं होने दिया जाता। उन्होंने कहा कि उनकी रिहाई 26 सितंबर को बेहद गोपनीय तरीके से हुई। रामेश्वर सिंह यादव ने दावा किया कि जिन मुकदमों में उन्हें जेल भेजा गया, उनमें अधिकांश महिलाओं से उनका कोई पूर्व परिचय नहीं था। “इन दुष्टों ने मेरे खिलाफ झूठे बलात्कार जैसे चार मुकदमे लगवाए। इन्होंने मुझे जीने लायक नहीं छोड़ा,” – इतना कहते हुए वह मंच पर ही रो पड़े। पूर्व विधायक की इस भावुक अपील के बाद वहां मौजूद कार्यकर्ता कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए, लेकिन बाद में उन्होंने ‘रामेश्वर सिंह यादव जिंदाबाद’ के नारे लगाकर उनका हौसला बढ़ाया।

गौरतलब है कि रामेश्वर सिंह यादव और उनके भाई जुगेंद्र सिंह यादव को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिली थी, जिसके बाद 26 सितंबर को उन्हें एटा और अलीगढ़ जेल से रिहा किया गया। वहीं, प्रशासन की ओर से उनकी सभी शस्त्र लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। पूर्व विधायक ने जिला प्रशासन से अपनी सुरक्षा की मांग भी की है। रामेश्वर सिंह यादव समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के करीबी माने जाते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User