कानपुर में पेंशन अदालत सह जीवन प्रमाण कैम्प एवं दूरसंचार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Mar 13, 2026 - 21:52
 0  6
कानपुर में पेंशन अदालत सह जीवन प्रमाण कैम्प एवं दूरसंचार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कानपुर में पेंशन अदालत सह जीवन प्रमाण कैम्प एवं दूरसंचार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नियंत्रक संचार लेखा, उत्तर प्रदेश (पूर्व) लखनऊ द्वारा पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग तथा संचार मंत्रालय, भारत सरकार नई दिल्ली से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में दिनांक 13 मार्च 2026 को, मोतीझील, कानपुर स्थित नगर निगम कार्यालय के सभागार में दूरसंचार पेंशनभोगियों तथा आगामी छह माह में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए पेंशन अदालत एवं जीवन प्रमाण कैम्प का अयोजन किया गया l साथ ही देश भर में इन्टरनेट सुविधाओं को बढावा देने के लिए इन्टरनेट सेवा प्रदाताओं के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्री मनीष कुमार गुप्ता, नियंत्रक उ०प्र० लखनऊ द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्र गीत “वन्दे मातरम” तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया एवं उपस्थित पेंशनभोगियों, दूरसंचार सेवा प्रदाताओं का पुष्पमालाओं एवं शाल भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान पेंशनभोगियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें योग गुरु श्री गौरीशंकर द्वारा वृद्धावस्था में शरीर को स्वस्थ एवं सक्रिय रखने के लिए सरल योगासन सिखाए गए। वरिष्ठ नागरिकों हेतु वित्तीय साक्षरता विषय पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एवं भारतीय डाक विभाग द्वारा एक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें डिजिटल माध्यम से होने वाले वित्तीय लेनदेन में बरती जाने वाली सावधानियों तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। अपने संबोधन में नियंत्रक श्री मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि पेंशनभोगियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए एवं उनके द्वारा राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान का सम्मान करना चाहिए l उन्होनें माननीय प्रधान मंत्री जी के अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान करते हुए सभी को एक-एक पौधा प्रदान किया। उन्होंने SAMPANN प्लेटफॉर्म की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला जिसके माध्यम से अब पेंशन सीधे पेंशन भोगी के खाते मे जाती है जैसे सेवा के दौरान उनका वेतन जाता था साथ ही प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर इस प्रकार के शिविरों के आयोजन पर भी बल दिया।

अदालत की कार्यवाही के दौरान दूरसंचार पेंशनभोगियों के लंबित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए और नवीनतम पहचान पत्र भी वितरित किए गए। पेंशन अदालत के उपरान्त दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय स्थापित करने तथा लाइसेंस से संबंधित विभिन्न मुद्दों के समाधान के उद्देश्य से एक दूरसंचार जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न लाइसेंसधारियों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। लाइसेंसधारियों को लाइसेंस एग्रीमेंट की महत्वपूर्ण वित्तीय शर्तों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि भविष्य में अनुपालन से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या से बचा जा सके। उन्हें नवीन टेलीकॉम सुधारों के साथ-साथ SARAS पोर्टल के लाभों के संबंध में जागरूक करते हुए इसके विभिन्न मॉड्यूल के उपयोग का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह टेलीकॉम आउटरीच कार्यक्रम विभाग एवं लाइसेंसधारियों के मध्य बेहतर संवाद स्थापित करने तथा दूरसंचार क्षेत्र में सुगम अनुपालन, पारदर्शिता एवं सहयोगात्मक वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। इस आयोजन में कार्यालय की सहायक नियंत्रक सुश्री प्रज्ञा ठाकुर, लेखाधिकारी श्रीमती संवेदना सिंह, सहायक लेखाधिकारी श्री अम्बरीश कुमार एवं श्री अभिषेक कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभी पेंशनभोगियों, योग गुरु , SBI एवं भारतीय डाक विभाग के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया एवं नगर आयुक्त महानगरपालिका कानपुर को विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया जिनके कारण कार्यक्रम इस परिसर में सफलता पूर्वक आयोजित हो सका l अंत में राष्ट्र गान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया l