Farrukhabad News : खतरनाक मांगुर मछली, गल्ला मंडी में धड़ल्ले से बिक रही

खतरनाक मांगुर मछली, गल्ला मंडी में धड़ल्ले से बिक रही
कायमगंज, फर्रुखाबाद। कायमगंज के गल्ला मंडी स्थित मछली मंडी में इन दिनों मांगुर मछली की जमकर बिक्री हो रही है। जानकारी के अनुसार यह मछली बाहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से तालाबों से सप्लाई होकर स्थानीय बाजारों और ग्रामीण क्षेत्र में पहुंच रही है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मांगुर मछली का सेवन इंसान के लिए बेहद खतरनाक बताया गया है। इसके बावजूद खुलेआम इसकी बिक्री होना सवाल खड़े कर रहा है। कायमगंज के व्यापारी ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में कर रहे हैं लोगों की सेहत से खिलवाड़। गल्ला मंडी स्थित मछली बाजार में हर रोज बड़ी मात्रा में यह मछली बिक रही है और लोग सस्ते दामों के लालच में इसे खरीद भी रहे हैं।
यह मछली 140 से 160 रुपए किलो में बिक रही है। कई मछली कारोबारी बाहर से ट्रॉली और वाहनों में लाकर गल्ला मंडी सहित अन्य बाजारों में इसकी सप्लाई करते हैं। जबकि खाने योग्य रोहू, लाची, डिगार, प्रयासी, सौरिया आदि नस्ल की मछली 200 रुपए से लेकर 400 सौ किलो प्रति तक बिक रही है। मांगुर मछली के बारे में विशेषज्ञों का कहना है कि मांगुर मछली को ज्यादा तेजी से बड़ा करने के लिए इसमें जहरीले रसायनों और गंदे पानी का इस्तेमाल किया जाता है। ये इतनी खतरनाक होती है ये जानवरों को अपना शिकार बना लेती है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर इसे खाने से बचने की अपील करता रहा है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. शोभित कुमार ने बताया कि मांगुर मछली मानव शरीर के लिए बेहद हानिकारक है। इसके सेवन से पेट और आंतों के संक्रमण के अलावा गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बाजार में बिक रही इस मछली को खरीदने और खाने से बचें।
मत्स्य विभाग ने कार्रवाई का दिलाया भरोसा मत्स्य विभाग के ज्येष्ठ मत्स्य नारद लाल राणा ने बताया कि मांगुर मछली पर प्रतिबंध है। कायमगंज में 15 से 20 दिन पहले छापेमारी की गई थी। अब फिर कार्रवाई की जाएगी, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। बताते चले की कायमगंज क्षेत्र में मछली मंडी के अलावा अताईपुर,बड़ा बाजार झब्बूपुर आदि गांव में इस जहरीली मांगुर मछली की बिक्री की जा रही है। जानकारों की माने तो विभाग को भी इस बारे में पता है लेकिन न जाने क्यों वह अपनी आंखें मूंदे बैठा है।