डग्गामार बस, ट्रक,खनन वाला टैक्टर ट्राली सीज

Aug 22, 2024 - 20:49
0 50
डग्गामार बस, ट्रक,खनन वाला टैक्टर ट्राली सीज

block-350 block-350

डग्गामार बस, ट्रक,खनन वाला टैक्टर ट्राली सीज

फर्रुखाबाद। परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल ने जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाकर डग्गामार बस के साथ ही ट्रक एवं ट्रैक्टर ट्राली सीज कर दी है। आज परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल तथा एआरएम रोडवेज की टीम द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुये जयपुर से आने वाली एक डग्गामार बस का चालान कर रोडवेज बस अड्डे पर सीज किया गया है।

एआरएम रोडवेज राजेश कुमार ने एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत से प्रातः काल सम्पर्क कर बताया कि एक डग्गामार बस जयपुर से सवारियां लेकर फर्रूखाबाद व कमालगंज जा रही है। इस सूचना पर तत्काल टीम का गठन किया गया तथा कायमगंज की ओर से आते हुये अरूणाचल प्रदेश में पंजीकृत डग्गामार बस को चेक किया गया। चेक करने पर पाया गया कि सवारियों पर अलग-अलग स्थान के टिकट थे।

जब बस के प्रपत्रों की जांच की गयी तो बस का परमिट नहीं पाया गया तथा चालक के पास ड्राइविंग लाइसेन्स नहीं था। बस को सीज कर 56750 रुपयों का जुर्माना लगाया गया। बिना फिटनेस संचालित 13 ऑटो रिक्शों का भी चालान कर सीज किया गया। इन पर 91000 रुपयों का जुर्माना लगाया गया तथा 15000 टैक्स वसूला गया।

अवैध खनन का ट्रैक्टर ट्राली सीज व ट्रक सीज एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत तथा खनन अधिकारी संजय प्रताप सिंह की टीम द्वारा थाना राजेपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान खनन सामग्री ढोने वाले ट्रकों के ओवरलोड होने तथा खनन विभाग के प्रपत्रों की जांच की गयी। जांच के दौरान अमृतपुर से आने वाले तथा शाहजहांपुर की ओर जाने वाले एक ट्रैक्टर ट्राली की जांच डबरी तिराहे पर की गयी। जांच में यह पाया गया कि चालक के पास 6 घनमीटर बालू का रवन्ना था।

जबकि मापने पर ट्राली में 20 घनमीटर बालू लदी पायी गयी इस प्रकार ट्राली में लदी 14 घनमीटर बालू अवैध थी। ट्रैक्टर ट्राली को थाना राजेपुर में सीज कर दिया गया तथा उस पर 1.22 लाख का जुर्माना लगाया गया। खनन विभाग द्वारा अलग से कार्यवाही की गयी है। राजेपुर क्षेत्र में मार्ग चेकिंग के दौरान कानपुर में पंजीकृत एक ट्रक को चेक करने पर पाया गया कि उस पर परिवहन विभाग का एक साल का टैक्स बकाया है। ट्रक में लदे माल के प्रपत्र की जांच करने पर पाया गया कि ट्रक में पान मसाला लदा हुआ है जो असम के कामरूप जिले से दिल्ली ले जाया जा रहा था परन्तु ट्रक फर्रूखाबाद से अल्लागंज की ओर जा रहा था।

चालक द्वारा ई-वेबिल प्रस्तुत नहीं किया गया। चालक ने बताया कि वह माल कानपुर से ला रहा है तथा दिल्ली ले जा रहा है। ऐसे में वाहन में लदे बहुमूल्य पान मसाला का परिवहन जीएसटी की चोरी करते हुये ले जाने का सन्देह हुआ। ट्रक में बिल के अनुसार 11,76,840 रुपए का माल लदा था। पकड़े गये ट्रक की सूचना स्थानीय राज्य कर विभाग को मोबाइल पर दी गयी एवं तत्काल जांच करने का अनुरोध किया गया।

राज्य कर अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इस ट्रक द्वारा राज्य कर का भुगतान नहीं किया गया है। ट्रक को पकड़ कर थाना राजेपुर में सीज कर दिया गया तथा परिवहन विभाग के अनुसार 17500 का जुर्माना तथा 20000 का कर आरोपित किया गया। राज्य कर विभाग द्वारा अपने कर का आरोपण अलग से किया जायेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User