लड़की से प्यार करने को लेकर पड़ोसी ने करदी प्रेमी की हत्या
 
                                नई दिल्ली। विकासपुरी इलाके में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग में पड़ोसी ने युवक की हत्या कर दी। आरोपी का पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल था।
मृतक भी उस लड़की से नजदीकियां बढ़ाने लगा था। इस बात की जानकारी होने पर आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को उसके दोस्त के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान विकास नगर निवासी पवन तिवारी (35) और उसके दोस्त उत्तम नगर निवासी पवन सिंह (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों का खून से सना कपड़ा, मृतक का पर्स, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद कर ली है।
16 दिसंबर को विकासपुरी थाने में तैनात हवलदार जुगल किशोर इलाके में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने केशोपुर गंदे नाला के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ देखा। युवक के चेहरे को पत्थर से कुचला गया था। उसके पास से कोई कागजात नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान की जा सके।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। थाना प्रभारी राजवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मृतक की पहचान के लिए मृतक का फोटो लगा पोस्टर आसपास के इलाके में चिपकाया और पर्चे बांटे। 20 दिसंबर को निहाल विहार गंदे नाला के पास पोस्टर देखकर विकास नगर निवासी सत्य नारायण थाने पहुंचे।
उन्होंने मृत युवक की पहचान अपने बेटे सचिन मौर्य (22) के रूप में की। जिसकी गुमशुदगी की शिकायत उन लोगों ने रणहौला थाने में की थी। पूछताछ में लड़की से नजदीकी का हुआ खुलासा छानबीन के दौरान पुलिस ने परिवार और आस पास के लोगों से पूछताछ की।
जिसमें पता चला कि सचिन की पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से नजदीकियां थी। साथ ही यह भी पता चला कि उसी लड़की से उसके पड़ोसी पवन तिवारी की भी दोस्ती थी। इस बात को लेकर पवन सचिन से नाराज था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने पवन के घर पर दबिश दी, लेकिन वह घर से गायब मिला।
साथ ही पता चला कि पवन तिवारी पर 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें फर्जी पासपोर्ट बनाना और नकली करेंसी बनाने का मामला भी शामिल है। नकली करेंसी के मामले में दिल्ली पुलिस उसे पहले गिरफ्तार कर चुकी है। मृतक की पहचान होते ही दोनों आरोपी हो गए फरार तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच करने पर पता चला कि पवन तिवारी ने अपने दोस्त पवन सिंह के साथ घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस ने पवन सिंह के घर पर दबिश दी लेकिन वह भी घर से फरार मिला। पता चला कि मृतक की पहचान होने के बाद से ही दोनों आरोपी अपने घरों से फरार हैं। पुलिस ने दोनों पर निगरानी बढ़ाई। 22 दिसंबर को उन्हें विकास नगर के मछली मार्केट गंदे नाला के पास से पकड़ लिया। पवन तिवारी ने बताया कि पड़ोस की जिस लड़की से वह प्यार करता था सचिन उससे नजदीकियां बढ़ाने लगा था।
उसने उसे लड़की से दूर रहने के लिए कहा, लेकिन उसने बातों को अनसुना कर दिया। उसके बाद उसने सचिन की हत्या की साजिश रची। पवन सिंह के जरिए उसने सचिन को शराब पीने के बहाने नाले पर बुलाया और उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए पत्थर से उसके चेहरे को कुचल दिया और उसका सामान लेकर फरार हो गया।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 







 
                                                                                                                                                     
                                                                                                                                                     
                                                                                                                                                     
                                                                                                                                                     
                                                                                                                                                     
                                                                                                                                                     
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            