विद्यालय के गौरव बने अभिषेक कुमार यादव, यूपीएससी में 532वीं रैंक पर किया गया सम्मान
विद्यालय के गौरव बने अभिषेक कुमार यादव, यूपीएससी में 532वीं रैंक पर किया गया सम्मान
कायमगंज। यूपीएससी परीक्षा 2025 में 532वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन करने वाले अभिषेक कुमार यादव को उनके विद्यालय में सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें बुके, शाल और स्मृति चिन्ह देकर उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। उनकी इस रैंक के आधार पर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में चयन लगभग निश्चित माना जा रहा है। इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका डॉ. मिथलेश अग्रवाल, प्रबंधक श्री सत्य प्रकाश अग्रवाल, प्रधानाचार्य श्री आर. के. बाजपेई, उप प्रधानाचार्य श्री दीपक कुमार जैना सहित समस्त शिक्षकगणों ने उन्हें बधाई दी और उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण तथा दृढ़ संकल्प की सराहना की। सम्मान समारोह के दौरान अभिषेक कुमार यादव ने अपनी सफलता की कहानी भी साझा की। उन्होंने बताया कि ग्रामीण परिवेश में अनेक समस्याएं होती हैं।
इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए कुछ बड़ा करने का संकल्प लेकर उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की। उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर प्रतिदिन आठ से दस घंटे तक नियमित अध्ययन किया, जिसका परिणाम उन्हें 532वीं रैंक के रूप में मिला। अभिषेक कुमार यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और संकल्प मजबूत हो, तो कठिन परिश्रम से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को माता-पिता और शिक्षकों की आज्ञा का पालन करने तथा अनुशासित जीवन जीने की सलाह दी। बताते चलें कि अभिषेक कुमार यादव ने कक्षा 1 से 12वीं तक की शिक्षा कायमगंज के प्रसिद्ध सी.पी. विद्या निकेतन स्कूल से प्राप्त की है। विद्यालय की निदेशिका डॉ. मिथलेश अग्रवाल एवं समस्त विद्यालय परिवार ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आशा जताई कि वे आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे।
