इंस्टाग्राम वीडियो ने खोली जुल्म की दास्तान: दहेज के लिए प्रताड़ित मैनपुरी की सौम्या ने लखनऊ में दी जान
 
                                इंस्टाग्राम वीडियो ने खोली जुल्म की दास्तान: दहेज के लिए प्रताड़ित मैनपुरी की सौम्या ने लखनऊ में दी जान
मैनपुरी (अजय किशोर) मैनपुरी की 25 वर्षीय सौम्या कश्यप ने रविवार दोपहर लखनऊ के बक्शी का तालाब (बीकेटी) इलाके में अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हृदय विदारक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। मरने से ठीक पहले सौम्या ने अपने इंस्टाग्राम पर दो मार्मिक वीडियो पोस्ट किए, जिनमें उन्होंने अपने पति, यूपी पुलिस के सिपाही अनुराग सिंह, और ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेरहमी से प्रताड़ित करने और जानवरों की तरह पीटने का आरोप लगाया। इन खौफनाक वीडियो के सामने आने के बाद ही पुलिस को इस आत्महत्या का पता चला।
रविवार सुबह करीब 9 बजे सौम्या ने अपना पहला वीडियो साझा किया, जिसमें एक बॉलीवुड गाना बज रहा था और वह अपने शरीर पर पड़े चोट के निशान दिखा रही थीं। इसके बाद, दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने दूसरा वीडियो अपलोड किया, जिसमें वह रोते हुए अपने पति अनुराग पर दहेज के लिए मारपीट करने, और अनुराग के बहनोई व जेठ पर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगा रही थीं। सौम्या ने वीडियो में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि ससुराल वाले अनुराग की दूसरी शादी करवाना चाहते थे। यह रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो जैसे ही बीकेटी पुलिस तक पहुंचा, तत्काल एक टीम सौम्या के कमरे पर पहुंची, जहां उन्हें फंदे से लटका हुआ पाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की गहन छानबीन की और सौम्या का मोबाइल फोन जांच के लिए जब्त कर लिया। एसीपी बीकेटी, अमोल मुरकुट ने बताया कि सौम्या के भाई की तहरीर पर सिपाही अनुराग सिंह और उसके परिजनों के खिलाफ बीकेटी थाने में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सिपाही अनुराग सिंह को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
आत्महत्या से ठीक पहले बनाए गए वीडियो में सौम्या ने रोते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्हें इतना प्रताड़ित किया गया कि वे आत्महत्या करने पर मजबूर हो गईं। उन्होंने पति अनुराग पर "जानवरों की तरह पीटने" का भी सनसनीखेज आरोप लगाया। यह घटना एक और चौंकाने वाले अतीत की ओर इशारा करती है। मैनपुरी थाना भोगांव अलीपुर खेड़ा के रहने वाली सौम्या की पहली शादी लगभग पांच साल पहले हुई थी, जिससे उनका एक बच्चा भी है। दो साल बाद पति से मतभेद होने के बाद वह मायके आ गई थीं। इसी बीच, किशनी के जगदीशपुर गांव का रहने वाला आरक्षी अनुराग सिंह, जो बीकेटी थाने में तैनात है, परिचितों के माध्यम से सौम्या के घर आया और शादी का प्रस्ताव रखा। सौम्या ने पहले इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में फोन पर बातचीत शुरू हुई। 8 नवंबर 2022 को अनुराग सौम्या को अपने रिश्तेदार के घर ले गया, जहां उसने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे लखनऊ ले गया और शादी का झांसा देकर पांच महीने तक उसका यौन शोषण किया। सौम्या ने जनवरी 2025 में अनुराग के खिलाफ दुष्कर्म और तोड़फोड़ का मामला दर्ज कराया था। जेल जाने के डर से अनुराग ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से 9 जनवरी 2025 को मैनपुरी शहर के माता शीतला देवी मंदिर में सौम्या से शादी कर ली थी। हालांकि मंदिर में सामाजिक रूप से शादी हो गई थी, लेकिन अनुराग कानूनी तौर पर शादी करने से कतरा रहा था। इसी वजह से सौम्या ने कुछ दिन पहले ही पूर्व में दर्ज मुकदमे में अनुराग के खिलाफ गवाही दे दी थी। इसके बाद अनुराग ने सौम्या को लखनऊ स्थित घर से निकाल दिया था। कुछ दिन पहले ही अनुराग उसे मनाकर अपने साथ ले गया था।
शादी के समय ही पीड़िता ने आशंका जताई थी कि पुलिसकर्मी ने मुकदमे के डर से शादी की है या कोई और वजह है। दुखद है कि उसकी आशंका सही साबित हुई और शादी के करीब छह महीने बाद ही उसे इतना प्रताड़ित किया गया कि तीज के दिन उसे वीडियो वायरल कर अपनी जान देनी पड़ी। यह भयावह घटना एक बार फिर दहेज लोभियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सामाजिक और कानूनी प्रयासों को तेज करने की याद दिलाती है।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 







 
                                                                                                                                                     
                                                                                                                                                     
                                                                                                                                                     
                                                                                                                                                     
                                                                                                                                                     
                                                                                                                                                     
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            