Crime News : पत्नी को नेता की बाहों में देख सह न सका पति, और हो गया बड़ा कांड

Crime News : पत्नी को नेता की बाहों में देख सह न सका पति, और हो गया बड़ा कांड

Sep 3, 2025 - 21:04
 0  683
Crime News : पत्नी को नेता की बाहों में देख सह न सका पति, और हो गया बड़ा कांड

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में इन दिनों एक राजनीतिक दल से जुड़े नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य रणधीर यादव की हत्या को लेकर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। 40 वर्षीय पूर्व जिपं सदस्य रणधीर यादव 22 अगस्त को लापता हो गए थे। लापता होने के छह दिन बाद पुलिस ने रणधीर यादव की हत्या का खुलासा किया था। रणधीर की हत्या कर लाश को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया था।

क्षत विछत लाश की पहचान नहीं हो सकने के चलते 72 घंटे बाद लावारिस में दाह संस्कार भी कर दिया गया था। पुलिस अब इस मामले में डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी कर रही है। उधर, केस की जांच के दौरान नाजायज रिश्ते की हैरान कर देने वाली कहानी सामने आई है। इस कहानी के मुताबिक रणधीर की हत्या अपने दोस्त उदय यादव की पत्नी के साथ अनैतक संबंधों की वजह से हुई। आरोप है कि उदय ने ही अपने भाई, भतीजे, सास और एक अन्य के साथ मिलकर रणधीर यादव की हत्या कर शव को ठिकाने लगाया था। घटना से करीब दो महीने पहले रणधीर यादव, उदय यादव, उसकी पत्नी अंजलि यादव और आठ साल का बेटा नैनीताल घूमने गए थे। अंजलि के कहने पर चारों होटल के एक ही कमरे में ठहरते थे। एक दिन रणधीर यादव ने उदय को खाना लाने को भेजा था, जबकि अंजलि ने अपने बेटे को बाहर खेलने को छोड़ दिया।

उदय जब लौटा, तो रणधीर और अंजलि को आपत्तिजनक स्थिति में देखकर सन्न रह गया। उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। वहां से लौटने के बाद उसने अपनी पत्नी को उसके मायके नींवा धूमनगंज छोड़ दिया था। इसके बावजूद अंजलि मोबाइल पर रणधीर से बात करती थी। इसके बाद 11 जुलाई को अंजलि की मायके में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव का दाह संस्कार कर दिया था। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रणधीर यादव की हत्या की एक महीने पहले से साजिश रची गई थी। फरार हत्यारोपी उदय यादव ने दोस्ती में दगाबाजी, पत्नी की मौत और सामाजिक प्रतिष्ठा का हनन होने का बदला लेने के लिए रणधीर यादव की हत्या करने की ठान ली थी। इसमें उसने अपने भाई विजय यादव, भतीजे राम सिंह यादव, नौकर सुजीत श्रीवास्तव और सास लीला देवी के साथ मिलकर साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, निजी अस्पताल में कंपाउंडर के पद पर कार्यरत उदय यादव ही पूर्व जिपं सदस्य रणधीर यादव का सोशल मीडिया एकाउंट संचालित करता था। दोनों में काफी अच्छी दोस्ती भी थी। लेकिन रणधीर और अंजलि के अवैध रिश्ते का पता चलते ही सब बदल गया। पुलिस ने बताया कि साजिश के तहत 22 अगस्त को राम सिंह यादव अपने साथ रणधीर यादव को हथिगहां के रवि ढाबा ले गया। जहां दोनों ने जमकर शराब पी। इसके बाद फाफामऊ के मलाक हरहर गए। जहां स्कार्पियो में उदय यादव, विजय यादव और सुजीत श्रीवास्तव भी सवार हो गए। इसके बाद रणधीर का गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। शव को ठिकाने लगाने की नीयत से रेलवे ट्रैक पर फेंक कर फरार हो गए थे।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त की देर रात बमरौली स्टेशन के आउटर के पास सूबेदारगंज की तरफ जाने वाली रेल पटरी पर क्षत विछत शव मिलने से रणधीर की पहचान नहीं हो सकी थी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पूरामुफ्ती थाने की पुलिस ने शव को 72 घंटे बाद भी शिनाख्त नहीं होने से लावारिस में दाह संस्कार करा दिया था। रणधीर यादव के पिता राम अभिलाष यादव ने गुरुवार को कपड़े और फोटो के आधार पर शिनाख्त की। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अंजलि की जहर निगलने से मौत होने की आशंका है। हालांकि उस वक्त मायका पक्ष व उसके पति ने बिना पोस्टमॉर्टम के ही शव का दाह संस्कार कर दिया था। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि अंजलि ने आत्महत्या की थी अथवा उसकी हत्या की गई थी। रणधीर यादव की हत्या के मामले में पुलिस अब तक दो महिला समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

इसमें हत्यारोपी राम सिंह यादव व साजिश रचने में शामिल लीला यादव के अलावा हत्यारोपियों को संरक्षण देने के आरोप में फरार उदय यादव के साले अन्नू व मन्नू और जीजा सत्येंद्र, चालक मिथुन साहू, राम सिंह यादव की पत्नी पुष्पा और विजय पासी गिरफ्तार कर जेल जा चुके हैं। वहीं मुख्य हत्यारोपी उदय यादव, उसके भाई विजय यादव व नौकर सुजीत श्रीवास्तव की तलाश जारी है। पुलिस इस मामले में अब डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी में जुटी है। ताकि रेलवे लाइन पर मिले लावारिस क्षत विक्षत शव के दाह संस्कार के बाद उसकी असली पहचान हो सके।

हत्यारोपियों के बयान के आधार पर लावारिस शव को पूर्व जिपं सदस्य का माना गया था। हालांकि इसकी पुष्टि के लिए अब मृतक के पिता राम अभिलाष यादव और बेटे के शव के डीएनए सैंपल से मिलान किया जाएगा। गंगानगर के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि लावारिस शव के डीएनए सैंपल का मृतक रणधीर यादव के परिजनों के डीएनए से जांच कराया जाएगा। ताकि शव की सही पहचान हो सके। पुलिस फरार अन्य हत्यारोपियों की भी तलाश में जुटी है।