राजनीति में भागीदारी से ही वैश्य समाज को मिलेगा सम्मान : डॉ. सुमंत गुप्ता

Mar 7, 2026 - 22:24
 0  3
राजनीति में भागीदारी से ही वैश्य समाज को मिलेगा सम्मान : डॉ. सुमंत गुप्ता

राजनीति में भागीदारी से ही वैश्य समाज को मिलेगा सम्मान : डॉ. सुमंत गुप्ता

■ प्रवीन पाठक 

एटा। अखिल भारतीय वैश्य परिषद के बैनर तले ठंडी सड़क स्थित ग्रीन गार्डन में विराट अलौकिक होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की विभूतियों, मेधावी छात्र-छात्राओं तथा पत्रकारों को सम्मानित किया गया। साथ ही वृंदावन की सांस्कृतिक टीम ने फूलों की होली, मयूर नृत्य, राधा-कृष्ण और हनुमान जी की झांकियां प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए। समारोह को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता ने कहा कि जब तक वैश्य समाज राजनीति में सक्रिय भागीदारी नहीं करेगा, तब तक उसे पूर्ण सम्मान नहीं मिल सकेगा। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि अपने अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करते हुए अधिक से अधिक संख्या में राजनीति में भागीदारी सुनिश्चित करें, तभी समाज की आवाज लोकतंत्र के उच्च सदनों तक पहुंच सकेगी। संगठन के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने कहा कि वह समाज और जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर हैं।

उन्होंने लोगों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेने और अधिक से अधिक वोट बनवाकर आगामी चुनाव में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि सरकार वैश्य समाज के हितों की रक्षा कर रही है और व्यापारी वर्ग को सुविधाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने समाज के लोगों से अन्य पार्टियों के भ्रम से बचने और एकजुट रहने की अपील की। जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राजेश गुप्ता ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वैश्य बाहुल्य शहर होने के बावजूद समाज अपने महापुरुषों के सम्मान के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित कराने की मांग की जा रही है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अप्रैल से आंदोलन शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संरक्षक अनिल गुप्ता, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्षा कविता रस्तोगी, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुजीत गुप्ता बॉबी सहित कई वक्ताओं ने एटा इकाई की कार्यकारिणी की सराहना करते हुए आयोजन समिति को बधाई दी।

आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने मंचासीन अतिथियों का पगड़ी, पटका और प्रतीक चिन्ह देकर भव्य स्वागत किया। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष सुधा गुप्ता, शिकोहाबाद नगर पालिका अध्यक्ष राजीव गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष जैथरा विवेक गुप्ता, निधौली कला की शिखा गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी वैश्य समाज से राजनीति में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं समाज के लोगों ने भाग लिया। बच्चों के लिए मिकी माउस, झूले और अन्य आकर्षण भी लगाए गए, जिनका बच्चों ने खूब आनंद लिया। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र गुप्ता डीपीएस और राजेश चंद्र जैन ‘कवि’ ने संयुक्त रूप से किया।