ई-केवाईसी न कराने वाले राशनकार्डधारकों का राशन तीन माह तक रहेगा निलंबित

Mar 07, 2026 - 09:10
0 8
ई-केवाईसी न कराने वाले राशनकार्डधारकों का राशन तीन माह तक रहेगा निलंबित

ई-केवाईसी न कराने वाले राशनकार्डधारकों का राशन तीन माह तक रहेगा निलंबित

एटा। शासन के निर्देशानुसार जिन राशनकार्ड लाभार्थियों की ई-केवाईसी अभी तक पूर्ण नहीं हुई है, उन्हें खाद्यान्न वितरण से अस्थायी रूप से वंचित किया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे लाभार्थियों का खाद्यान्न वितरण अग्रिम तीन माह के लिए निलंबित कर दिया जाएगा। साथ ही उन्हें एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजकर निर्धारित अवधि के भीतर ई-केवाईसी पूर्ण कराने के लिए अवगत कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि लाभार्थी तीन माह की अवधि में अपनी ई-केवाईसी करा लेते हैं तो अगले माह से उन्हें पुनः खाद्यान्न मिलने लगेगा। फिलहाल ई-केवाईसी न कराने वाले लाभार्थियों (0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को छोड़कर) का डाटा खाद्यान्न वितरण सूची से हटा दिया गया है।

लंबित लाभार्थियों का विवरण ई-पॉस मशीनों पर भी प्रदर्शित किया जा रहा है, जिससे ई-केवाईसी पूरी होते ही उनका नाम अगले वितरण में स्वतः शामिल हो सके। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि नए जारी किए गए राशनकार्डों के सभी सदस्यों तथा प्रचलित राशनकार्ड में जोड़ी गई नई यूनिटों के लिए खाद्यान्न प्राप्त करने से पहले ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। इन सभी का डाटा ई-पॉस मशीनों पर रीयल-टाइम आधार पर उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि प्रक्रिया पूर्ण होते ही उन्हें वितरण में शामिल किया जा सके। उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक 91.74 प्रतिशत यूनिटों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। शेष लाभार्थियों से अपील की गई है कि अंत्योदय अन्न योजना और पात्र गृहस्थी राशनकार्ड से जुड़े जिन कार्डधारकों या उनके परिवार के सदस्यों की ई-केवाईसी अभी बाकी है, वे अपने नजदीकी उचित दर विक्रेता (राशन डीलर) की दुकान पर जाकर जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करा लें, अन्यथा उनकी यूनिट राशनकार्ड से निरस्त की जा सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User