रामनगरिया मेले को भव्य बनाने की तैयारी तेज, डीएम-एसपी ने पांचाल घाट पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं
रामनगरिया मेले को भव्य बनाने की तैयारी तेज, डीएम-एसपी ने पांचाल घाट पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं
फर्रुखाबाद। जनपद के ऐतिहासिक पांचाल घाट पर आयोजित होने वाले श्रीरामनगरिया मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2027 को इस बार भव्य और आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 22 जनवरी से 20 फरवरी 2027 तक आयोजित होने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कल्पवासियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने में जुट गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पांचाल घाट पहुंचकर मेला स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, आवागमन और ठहरने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा में अपने-अपने कार्य पूरे करें, ताकि मेला शुरू होने पर श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। गंगा स्नान के महत्व को देखते हुए घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी स्नान घाट बनाए जाएंगे तथा स्नान के दौरान सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। घाटों पर निगरानी रखने के साथ ही मेला क्षेत्र में आवागमन को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन से जुड़े पहलुओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन की प्राथमिकता मेले में आने वाले कल्पवासियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, सुगम रास्तों और ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का समय से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, साधु-संतों और महात्माओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उनकी राय और सुझावों को भी मेला व्यवस्थाओं में शामिल किया जाएगा, जिससे कल्पवास के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस बार विकास प्रदर्शनी-2027 में 'उत्तर प्रदेश दर्शन' थीम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके माध्यम से प्रदेश की धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण धरोहरों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए फूड कोर्ट भी विकसित किया जाएगा, जिससे उन्हें बेहतर खानपान की सुविधा मिल सके। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि 22 जनवरी से शुरू होने वाले मेले से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। प्रशासन का प्रयास है कि इस बार रामनगरिया मेला धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक परंपराओं के साथ-साथ पर्यटन, संस्कृति और विकास प्रदर्शनी का भी प्रमुख केंद्र बने। पांचाल घाट पर गंगा तट के किनारे लगने वाले इस मेले को भव्य, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)