Agra News : पत्नी ने हत्या कर पति का शव बाथरूम में दफनाया, 45 दिन तक रची गुमशुदगी की कहानी

Jul 04, 2026 - 06:56
0 40
Agra News : पत्नी ने  हत्या कर पति का शव बाथरूम में दफनाया, 45 दिन तक रची गुमशुदगी की कहानी

block-350 block-350

Agra News : पत्नी ने हत्या कर पति का शव बाथरूम में दफनाया, 45 दिन तक रची गुमशुदगी की कहानी

आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, बाथरूम की खुदाई में मिला शव; पुलिस हिरासत में पत्नी से पूछताछ

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित दहतोरा की रेणुका धाम कॉलोनी में रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफनाने का आरोप है। शव को छिपाने के लिए बाथरूम की फर्श पर प्लास्टर कराकर टाइल्स लगवा दी गईं। इसके बाद महिला करीब 45 दिनों तक पति के लापता होने का नाटक करती रही। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से भरतपुर के रंजीत नगर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा 18 मई से लापता थे। 26 मई को उनकी पत्नी रूबी शर्मा ने स्वयं सिकंदरा थाने में पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

शुक्रवार को पुलिस एक पुराने मामले के सत्यापन के लिए घर पहुंची। इस दौरान महिला का व्यवहार संदिग्ध प्रतीत हुआ। मृतक के भाई से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने घर की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को बाथरूम की फर्श पर संदेह हुआ। फर्श की खुदाई कराई गई तो उसके नीचे से सुरेंद्र शर्मा का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाकर ऊपर से प्लास्टर और टाइल्स लगाई गई थीं, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। पुलिस को इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी आशंका है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पत्नी रूबी शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User