तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, किसान की दर्दनाक मौत चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, मां की पहले हो चुकी थी मौत
तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, किसान की दर्दनाक मौत चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, मां की पहले हो चुकी थी मौत
फर्रुखाबाद: जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कोल्ड स्टोरेज से आलू लेने जा रहे 42 वर्षीय किसान सोनू सेगर की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सोनू की मौत से चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। उनकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है।जानकारी के अनुसार, कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कैटहा निवासी सोनू सेगर अपनी बाइक से कोल्ड स्टोरेज से आलू लेने जा रहे थे। इसी दौरान खुदागंज और कतरौली पट्टी के बीच रिलायंस पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सोनू सेगर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। आसपास के लोगों की मदद से घायल किसान को तत्काल जिला अस्पताल डॉ. राममनोहर लोहिया की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि गांव के कुछ अन्य लोग भी आलू लेने जा रहे थे। इस दर्दनाक हादसे से परिजनों और ग्रामीणों में मातम छा गया।
परिजनों के अनुसार, सोनू सेगर खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। अब चार बच्चों की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी, लेकिन सड़क हादसे में असमय उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक तरफ पिता को खोने का गम है, तो दूसरी तरफ बच्चों के भविष्य की चिंता परिवार के सामने मुश्किल हालात खड़े कर रही है।गांव में किसान सोनू सेगर की मौत की खबर मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)