एटा में चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
एटा में चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
एटा। थाना नयागांव पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी का एक Motorola Moto G85 मोबाइल फोन तथा सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी नेक्सू उर्फ सूरज के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम रजपुरा स्थित खंडहर बारातघर के पास घेराबंदी कर नेक्सू उर्फ सूरज और विमलेश को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उनके पास से थाना नयागांव के मुकदमा संख्या 50/2026 से संबंधित चोरी का मोबाइल फोन, एक जोड़ी झाले, एक अंगूठी, एक करधनी और एक जोड़ी पायल बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब ढाई माह पहले उन्होंने थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम रामनगर स्थित एक मकान में रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार दोनों चोरी के सामान का आपस में बंटवारा करने के लिए एकत्र हुए थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में नेक्सू उर्फ सूरज पुत्र रामप्रकाश तथा विमलेश पुत्र फूल सिंह, दोनों निवासी ग्राम रजपुरा, थाना नयागांव, जनपद एटा हैं। पुलिस के मुताबिक नेक्सू उर्फ सूरज के खिलाफ एटा, मैनपुरी और कन्नौज के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आर.के. सिंह, उपनिरीक्षक मनिन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक दीपक दोहरे सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)