यूपी में नया साल चुनावी बिगुल के साथ देगा दस्तक

Nov 23, 2026 - 21:04
0 4
यूपी में नया साल चुनावी बिगुल के साथ देगा दस्तक

block-350 block-350

यूपी में नया साल चुनावी बिगुल के साथ देगा दस्तक

 ■ अजय कुमार, वरिष्ठ पत्रकार लखनऊ उत्तर प्रदेश

 विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लगने की आहट के साथ ही पूरे प्रदेश में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। नेता टिकट के लिए दौड़ लगा रहे हैं, तो योगी सरकार अपने मनपसंद अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग में लगी है। आचार संहिता लगने से पूर्व सरकार विकास की किसी योजना को भी मंजूरी देने और नई योजनाओं का उद्घाटन करने में लगी है। प्रदेश में आचार संहिता लगने के लिए दो महीने से भी कम का समय बाकी रह गया है। यह कहना गलत नहीं होगा कि नया साल और आचार संहिता एक साथ 'दस्तक' देंगे। लोकतंत्र के इस सबसे बड़े उत्सव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से प्रत्येक चुनाव से पूर्व आदर्श आचार संहिता लागू की जाती है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल 19 मार्च 2027 को समाप्त होने जा रहा है। संवैधानिक नियमों के तहत निर्वाचन आयोग किसी भी विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने से छह महीने पहले तक की अवधि में कभी भी चुनाव करा सकता है।

निर्वाचन आयोग की ओर से अभी तक 2027 के चुनावों की आधिकारिक तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन पिछले चुनावी चक्रों और उपलब्ध जानकारियों के आधार पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मतदान फरवरी या मार्च 2027 में हो सकता है। इसके लिए नए साल के दूसरे हफ्ते तक आचार संहिता लागू हो सकती है। साल 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव आयोग ने 8 जनवरी 2022 को कार्यक्रम की घोषणा की थी और उसी दिन से प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गई थी। इसी पैटर्न को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि 2027 के चुनावों के लिए भी जनवरी 2027 के पहले या दूसरे सप्ताह में चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ ही पूरे प्रदेश में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो सकती है। जब तक आयोग की आधिकारिक घोषणा नहीं हो जाती, तब तक इन तारीखों को संभावित ही माना जाता है। आदर्श आचार संहिता के लागू होते ही प्रदेश की पूरी शासन व्यवस्था और सरकारी कामकाज के तौर-तरीकों में बड़ा बदलाव आ जाता है।

चूंकि आचार संहिता का मुख्य उद्देश्य सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को समान अवसर प्रदान करना है, इसलिए सत्ताधारी दल के हाथों से प्रशासनिक मशीनरी के इस्तेमाल का अधिकार सीमित हो जाता है। चुनाव की तारीखों की घोषणा के तुरंत बाद राज्य का पूरा प्रशासनिक तंत्र, विशेष रूप से चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी और पुलिस बल, सीधे तौर पर निर्वाचन आयोग के नियंत्रण और निगरानी में आ जाते हैं। इसके बाद सरकार कोई भी नया नीतिगत फैसला नहीं ले सकती और न ही किसी नई कल्याणकारी योजना, परियोजना या वित्तीय अनुदान की घोषणा कर सकती है। मुख्यमंत्री, मंत्री या किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए नए कार्यों का शिलान्यास, लोकार्पण या भूमि पूजन करने पर पूरी तरह से रोक लग जाती है। सरकारी खजाने से सरकार की उपलब्धियों का बखान करने वाले विज्ञापनों पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया जाता है। यहां तक कि सरकारी वेबसाइटों, दफ्तरों और सार्वजनिक स्थानों से मंत्रियों और नेताओं की तस्वीरें, पोस्टर और बैनर तय समय सीमा के भीतर हटा दिए जाते हैं। सरकारी संपत्तियों से प्रचार सामग्री हटाने के लिए 24 घंटे, सार्वजनिक स्थानों के लिए 48 घंटे और निजी संपत्तियों के लिए 72 घंटे की समय सीमा निर्धारित होती है। सरकारी कामकाज पर इसका एक और बड़ा असर तबादलों और नियुक्तियों के रूप में दिखता है। चुनाव प्रक्रिया से जुड़े किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का तबादला या नई तैनाती बिना चुनाव आयोग की पूर्व अनुमति के नहीं की जा सकती। मंत्रियों के सरकारी वाहनों और गेस्ट हाउस के इस्तेमाल पर भी सख्त पाबंदी लग जाती है।

कोई भी मंत्री अपने सरकारी दौरे को चुनाव प्रचार के साथ नहीं जोड़ सकता और न ही सरकारी कर्मचारियों या संसाधनों का उपयोग चुनावी सभाओं के लिए कर सकता है। हालांकि, इसका यह अर्थ बिल्कुल नहीं है कि प्रदेश में विकास कार्य या रोजमर्रा के सरकारी काम पूरी तरह ठप हो जाते हैं। जो परियोजनाएं आचार संहिता लगने से पहले ही धरातल पर शुरू हो चुकी हैं, उनका निर्माण कार्य सुचारू रूप से चलता रहता है। इसी तरह, पहले से चल रही पेंशन, राशन वितरण, स्वास्थ्य सेवाएं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्राकृतिक आपदा या आपातकालीन स्थिति में राहत पहुंचाने जैसे नियमित प्रशासनिक कार्यों पर कोई रोक नहीं होती। सरकार केवल रूटीन के कामकाज ही निपटा सकती है, लेकिन किसी नए वर्ग को लुभाने वाला कोई फैसला नहीं ले सकती। चुनावी बिगुल बजने और आचार संहिता लागू होने की इस समय सीमा को भांपते हुए हर सरकार उससे ठीक पहले के महीनों और हफ्तों में बेहद सक्रिय हो जाती है। आचार संहिता लगने से पहले सरकार की कोशिश होती है कि वह अपने सभी प्रमुख चुनावी वादों को पूरा कर दे और जनता को सीधे लाभ पहुंचाने वाले बड़े फैसले ले ले, ताकि चुनाव में इसका राजनीतिक लाभ मिल सके। इस कड़ी में सबसे पहला और अहम कदम बड़ी विकास परियोजनाओं के ताबड़तोड़ शिलान्यास और लोकार्पण का होता है। एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, हवाई अड्डे और बड़े पुलों जैसी परियोजनाओं का उद्घाटन आनन-फानन में किया जाता है, ताकि काम शुरू होने या पूरा होने का श्रेय लिया जा सके। इसके साथ ही, राज्य कैबिनेट की लगातार बैठकें बुलाकर विभिन्न वर्गों को खुश करने वाली नई योजनाओं को मंजूरी दी जाती है। इनमें किसानों के लिए ऋण माफी या सम्मान निधि में बढ़ोतरी, युवाओं को मुफ्त टैबलेट, स्मार्टफोन या लैपटॉप वितरण, बेरोजगारी भत्ता और महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता जैसी लोकलुभावन घोषणाएं शामिल होती हैं।

यह कार्य योगी सरकार भी कर रही है और पूर्ववर्ती सरकारें भी करती रही हैं। प्रशासनिक स्तर पर आचार संहिता लगने से ठीक पहले बड़े पैमाने पर आईएएस, आईपीएस, पीसीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादले किए जाते हैं। सरकार अपनी सुविधा और प्रशासनिक चुस्ती के हिसाब से जिलों में जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों की तैनाती करती है, क्योंकि एक बार आचार संहिता लागू होने के बाद तबादलों की चाबी चुनाव आयोग के पास चली जाती है। इसके अलावा, सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के बड़े वोट बैंक को साधने के लिए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी, बोनस की घोषणा, पदोन्नति और नई भर्तियों के विज्ञापन जारी करने जैसे फैसले भी इसी दौर में लिए जाते हैं। कई बार सरकार विभिन्न आयोगों, बोर्डों और निगमों में अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्तियां भी आचार संहिता लगने से ऐन पहले कर देती है, ताकि सहयोगी दलों और पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को समायोजित किया जा सके। इसी तरह, किसी क्षेत्र विशेष की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए नई तहसील, ब्लॉक या नगर पंचायत के गठन और किसी स्थान या संस्थान के नाम परिवर्तन जैसे फैसले भी कैबिनेट से पास कराए जाते हैं। कुल मिलाकर, आचार संहिता लागू होने से पहले का समय सरकार के लिए अपने तरकश के सभी तीर चलाने का होता है, जबकि आचार संहिता लागू होने के बाद पूरा तंत्र निष्पक्ष चुनाव कराने की संवैधानिक जिम्मेदारी में जुट जाता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User