Etah News : अंग्रेजों के जमाने की ऐतिहासिक कोठी जमींदोज, मलबे और ईंटों का हिसाब कौन देगा?

Nov 23, 2026 - 19:08
0 8
Etah News : अंग्रेजों के जमाने की ऐतिहासिक कोठी जमींदोज, मलबे और ईंटों का हिसाब कौन देगा?

block-350 block-350

अंग्रेजों के जमाने की ऐतिहासिक कोठी जमींदोज, मलबे और ईंटों का हिसाब कौन देगा?

कायाकल्प से पहले ही सिंचाई विभाग की जमीन पर उठे सवाल, गड्ढों में डलवाया गया मलबा, ईंटें गायब होने की भी चर्चा

एटा। करतला गांव के पास स्थित सिंचाई विभाग की अंग्रेजों के जमाने की पुरानी कोठी को विभाग द्वारा तोड़ दिया गया। कभी अपनी ऐतिहासिक पहचान रखने वाली इस कोठी के स्थान पर अब छोटा सा मकाननुमा भवन बना दिया गया है। लेकिन पुरानी इमारत को ध्वस्त करने के बाद उसके मलबे और निर्माण सामग्री का क्या हुआ, यह सवाल अब चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, कोठी को तोड़ने के बाद उसका काफी मलबा गड्ढों में डलवा दिया गया, जबकि पुरानी इमारत की ईंटों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कुछ ईंटें बेच दी गईं और काफी ईंटों का कोई स्पष्ट हिसाब सामने नहीं आया है। ऐसे में सवाल उठता है कि सरकारी संपत्ति से निकली निर्माण सामग्री का विभागीय रिकॉर्ड कहां है और उसकी नीलामी अथवा निस्तारण किस प्रक्रिया के तहत किया गया?

बताया जा रहा है कि सिंचाई विभाग की जमीन की चारदीवारी कराए जाने की योजना है और इसके लिए धनराशि भी स्वीकृत अथवा उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई है। लेकिन विडंबना देखिए कि जमीन का कायाकल्प होने से पहले ही पुरानी कोठी को तोड़ने और उससे निकली सामग्री के निस्तारण को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

★ आखिर किसके आदेश पर तोड़ी गई कोठी?-

सबसे बड़ा सवाल यह है कि अंग्रेजों के समय से मौजूद इस पुरानी कोठी को तोड़ने का आदेश किस अधिकारी ने दिया? क्या भवन का तकनीकी सर्वे कराया गया था? क्या उसे अनुपयोगी घोषित किया गया था? तोड़फोड़ से निकली ईंटों, लकड़ी और अन्य निर्माण सामग्री का विभागीय मूल्यांकन कराया गया? यदि सामग्री बेची गई तो उसकी नीलामी की प्रक्रिया और सरकारी खाते में जमा धनराशि का विवरण कहां है? 

★ विभागीय अधिकारियों से जवाब मांग रहे सवाल-

 करतला के पास सिंचाई विभाग की जमीन पर प्रस्तावित चारदीवारी और अन्य कार्यों से पहले पुरानी कोठी के ध्वस्तीकरण तथा मलबे के निस्तारण की निष्पक्ष जांच जरूरी है। संबंधित अधिकारियों को सामने आकर यह स्पष्ट करना चाहिए कि सरकारी संपत्ति से निकली एक-एक ईंट का हिसाब कहां दर्ज है। अब देखना यह है कि विभागीय उच्चाधिकारी इस पूरे मामले का संज्ञान लेकर जांच कराते हैं या फिर सरकारी संपत्ति से जुड़े ये सवाल फाइलों में ही दबकर रह जाएंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User