नकबजनी का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में पांच आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
नकबजनी का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में पांच आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
प्रवीन पाठक
फिरोजाबाद। थाना नसीरपुर पुलिस ने नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के चांदी के आभूषण, दो तमंचे, कारतूस तथा दीवार तोड़ने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक ग्राम रहल निवासी भंवर सिंह ने 12 जुलाई को थाना नसीरपुर में तहरीर देकर बताया था कि 11/12 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने उनके मकान की दीवार तोड़कर घर में रखे बक्से और अलमारी का ताला तोड़ दिया तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। इस मामले में थाना नसीरपुर पर मुकदमा संख्या 161/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में गठित पुलिस टीम घटना के खुलासे और आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार 19/20 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रपड़ी के जंगल में कुछ बदमाश चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में तेज सिंह निवासी थाना फतेहाबाद, आगरा के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने नैमीचंद, सुरेशचंद्र, सियाराम और राधेश्याम को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक करधनी, तीन जोड़ी चांदी की पायल, बच्चों के दो खड़ुआ, दो तमंचे (.315 बोर), दो जिंदा व तीन खोखा कारतूस, तीन लोहे के सब्बल, चाबियों का गुच्छा और एक बड़ी रिंच बरामद होने का दावा किया है। बरामद आभूषणों की पहचान ग्राम रहल में हुई चोरी के सामान के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कुछ आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से भी चोरी, आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट के मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)