राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के एक्शन प्लान-2026 के तहत एटा के वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के एक्शन प्लान-2026 के तहत एटा के वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण
एटा । उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदत्त एक्शन प्लान-2026 के अनुपालन में माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एटा श्री दिनेश चन्द के निर्देशानुसार तथा प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एटा श्रीमती कामायनी दुबे (सिविल जज, सी.डी.) के नेतृत्व में कासगंज रोड स्थित वृद्धा आश्रम, एटा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव द्वारा आश्रम में निवास कर रहे वृद्धजनों से उनके स्वास्थ्य, खानपान एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, शोषण से संरक्षण के उपायों तथा वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित तीन नवीन कानूनों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। असहाय एवं जरूरतमंद वृद्धजनों को निःशुल्क विधिक सहायता तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर के संबंध में भी जागरूक किया गया एवं न्यायालय तक सुलभ पहुंच की प्रक्रिया समझाई गई।
निरीक्षण में अधिकांश वृद्धजनों का स्वास्थ्य संतोषजनक पाया गया। कुछ वृद्धजनों की नेत्र शल्यक्रिया कराए जाने की जानकारी मिली, जिनकी उचित देखभाल की जा रही है। हालांकि महिला कक्ष में बिस्तर एवं चादरों की कमी पाई गई तथा कुछ वृद्धजन टूटे तख्तों पर बैठे मिले, जिससे दुर्घटना की आशंका व्यक्त की गई। इसके अतिरिक्त गंदे पानी की समुचित निकासी न होने एवं परिसर में प्लास्टिक कचरा पाए जाने से मच्छरों के पनपने और गंभीर बीमारियों के खतरे की संभावना जताई गई। उक्त कमियों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी वार्डन श्रीमती विनीता उपाध्याय को निर्देशित किया गया कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे वृद्धजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर आश्रम की प्रभारी वार्डन, कर्मचारीगण एवं असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल शुभम मिश्रा सहित अन्य संबंधित व्यक्ति उपस्थित रहे।

