डीएम ने कस्तूरबा विद्यालयों और पीएसी परिसर का किया औचक निरीक्षण

Oct 14, 2026 - 08:36
0 4
डीएम ने कस्तूरबा विद्यालयों और पीएसी परिसर का किया औचक निरीक्षण

block-350 block-350

डीएम ने कस्तूरबा विद्यालयों और पीएसी परिसर का किया औचक निरीक्षण

कुनावली विद्यालय के गेट पर गंदगी व जलभराव देख जताई नाराजगी, निर्माण कार्यों की खामियां दूर करने के निर्देश

 एटा । जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने मंगलवार को कुनावली स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, जीरसमी में निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास की बाउंड्रीवॉल तथा पीएसी परिसर में निर्माणाधीन जी प्लस 11 भवनों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भवनों के हस्तांतरण से पहले सभी कमियां दूर की जाएं। जिलाधिकारी ने सबसे पहले शीतलपुर विकासखंड के ग्राम कुनावली स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने कूड़ा-करकट और जलभराव देखकर उन्होंने नाराजगी जताई तथा तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ छात्राओं को दिए जाने वाले दोपहर के भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था भी परखी।

इस दौरान छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने ग्राम जीरसमी स्थित निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास की बाउंड्रीवॉल का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में मिली खामियों और प्लास्टर की कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बाउंड्रीवॉल के आसपास उगी झाड़ियों की सफाई कराने, अवशेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने तथा निर्माण कार्य का थर्ड पार्टी वेरिफिकेशन कराने के साथ अन्य विभाग से क्रॉस चेकिंग कराने को कहा। जिलाधिकारी ने स्वयं फीता डालकर बाउंड्रीवॉल की लंबाई भी नापी और निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने पीएसी परिसर में निर्माणाधीन जी प्लस 11 भवनों का हस्तांतरण से पूर्व निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवनों में शेष कार्य तत्काल पूरे किए जाएं।

विद्युत व्यवस्था, पेयजल, अग्निशमन सुरक्षा, लिफ्ट और अन्य जरूरी सुविधाओं की जांच कराने के साथ खिड़कियों में जाली लगाने का कार्य भी शीघ्र पूरा करने को कहा, ताकि भवनों को संबंधित विभाग को जल्द हस्तांतरित किया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी भवन, विद्यालय या छात्रावास को हस्तांतरित करने से पहले उसकी गुणवत्ता, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का समुचित सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। निर्माण कार्यों में पाई जाने वाली सभी कमियों को दूर कर निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सेनानायक पीएसी कुलदीप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल एवं राजकीय निर्माण निगम के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User