अग्निवीर बनने का सपना अधूरा: स्टेडियम में दौड़ते-दौड़ते 21 वर्षीय युवक की मौत से मचा कोहराम
अग्निवीर बनने का सपना अधूरा: स्टेडियम में दौड़ते-दौड़ते 21 वर्षीय युवक की मौत से मचा कोहराम
फर्रुखाबाद। अग्निवीर बनने का सपना संजोए 21 वर्षीय युवक की दौड़ के दौरान अचानक हुई मौत से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में बुधवार सुबह अभ्यास के दौरान युवक अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। साथियों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। बेटे का शव देखते ही माँ बेसुध होकर गिर पड़ीं। इस दर्दनाक घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, राजेपुर थाना क्षेत्र के शेराखार गांव निवासी शिवनारायण (21) अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर चुका था और अब फिजिकल टेस्ट की तैयारी में जुटा था। बुधवार सुबह करीब सात बजे वह ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में दौड़ का अभ्यास कर रहा था। स्टेडियम के चक्कर लगाते समय अचानक उसे चक्कर आया और वह जमीन पर गिर पड़ा।
घटना होते ही उसके साथ दौड़ रहे युवकों में अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने तत्काल उसके चेहरे पर पानी के छींटे मारे और सीपीआर देकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। परिजनों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण गांव की सड़कें जलमग्न थीं, इसलिए शिवनारायण पिछले छह दिनों से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में अभ्यास करने आ रहा था। वह सेना में भर्ती होकर परिवार और गांव का नाम रोशन करने का सपना देख रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। लोहिया अस्पताल में बेटे का शव देखते ही उसकी माँ फूट-फूटकर रोने लगीं और बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में घटना की सूचना मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे। थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि युवक को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्यूरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)