आबकारी विभाग ने शराब की दुकानों का किया औचक निरीक्षण, अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी
आबकारी विभाग ने शराब की दुकानों का किया औचक निरीक्षण, अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी
फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने अपनी टीम के साथ विभिन्न शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान के दौरान राजेंद्र नगर, पुनपालपुर, मेरापुर और पिलखना स्थित देशी शराब की दुकानों के साथ कंपोजिट दुकानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से होने वाली बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की बारीकी से जांच की गई।
इसके अलावा देशी शराब की दुकानों से जुड़ी कैंटीनों का भी सघन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दुकानों पर उपलब्ध शराब के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया। आबकारी निरीक्षक ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)