फिरोजाबाद।दीपावली पर उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को मिला मुफ्त गैस सिलेंडर का उपहार, 15.67 करोड़ रुपये की सब्सिडी आवंटित
दीपावली पर उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को मिला मुफ्त गैस सिलेंडर का उपहार, 15.67 करोड़ रुपये की सब्सिडी आवंटित

फिरोजाबाद ।पालीवाल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा सहित अतिथियों ने लाभार्थियों को वितरित किए चेक फिरोजाबाद, 03 नवम्बर। दीपावली के पावन पर्व पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत लाभार्थी महिलाओं को मुफ्त एलपीजी गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का उपहार दिया गया। इस अवसर पर पालीवाल हॉल में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार से आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से उज्ज्वला लाभार्थियों के बैंक खातों में सब्सिडी की धनराशि हस्तांतरित की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से शेष पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कर उन्हें भी योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद फिरोजाबाद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुल 2,41,993 लाभार्थी हैं। इनके लिए प्रदेश सरकार द्वारा 15 करोड़ 67 लाख 77 हजार 585 रुपये की सब्सिडी राशि आवंटित की गई है। उन्होंने खाद्य एवं पूर्ति विभाग की व्यवस्थाओं में हुए सुधारों की जानकारी देते हुए बताया कि राशन वितरण अब बायोमेट्रिक एवं पॉस मशीनों के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता आई है।
कार्यक्रम के दौरान मंच से 13 लाभार्थियों सलोनी, नीरज देवी, तबस्सुम, शाहिदा, सुषमा, मीना, सायरा बानो, द्रोपती, हुसना बेगम, शारदा, रश्मि देवी, इन्द्रवती एवं सुमन देवी को चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, उप जिलाधिकारी सदर सुदर्शन कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी स्वीटी सिंह एवं योगेन्द्र कुमार बाबा शिकोहाबाद तहसील से सुशील कुमार तिवारी (ARO)सहित अन्य अतिथिगण तथा बड़ी संख्या में उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)