कायमगंज नगर पालिका की खुली पोल: बारिश में सड़क बनी तालाब, मशीन लगाकर निकाला पानी
कायमगंज नगर पालिका की खुली पोल: बारिश में सड़क बनी तालाब, मशीन लगाकर निकाला पानी
कायमगंज/फर्रुखाबाद। कायमगंज नगर पालिका की जलनिकासी व्यवस्था की पोल एक बार फिर बारिश ने खोलकर रख दी। फर्रुखाबाद-दिल्ली मार्ग पर पुलगालिव बस स्टैंड के पास लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। लगातार बारिश के बाद मुख्य सड़क पर करीब एक फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को पानी के बीच से होकर निकलना पड़ रहा था और यातायात भी प्रभावित हो रहा था। बुधवार को ईद-उल-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाना था।
इसके बाद पुलगालिव तिराहे के पास स्थित गेस्ट हाउस में जलसे का कार्यक्रम प्रस्तावित था। ऐसे में कार्यक्रम के मार्ग पर पानी भरा होने से आयोजकों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई। जलभराव की सूचना नगरपालिका सभासद राहत अली ने नगर पालिका परिषद को दी। खास बात यह रही कि जलभराव वाला इलाका नगरपालिका सीमा में न होकर ग्राम पंचायत क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद लोगों की परेशानी और धार्मिक आयोजन को देखते हुए नगर पालिका ने तत्काल कदम उठाया। नगर पालिका की टीम ने सीवर मशीन लगाकर सड़क पर जमा पानी निकलवाया। पानी हटने के बाद मार्ग पर आवागमन काफी हद तक सुचारु हुआ और जुलूस-जलसे में शामिल होने वाले लोगों के साथ रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों तथा वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। नाला बना जलभराव की सबसे बड़ी वजह स्थानीय लोगों के मुताबिक पुलगालिव बस स्टेशन से फर्रुखाबाद की ओर जाने वाले मार्ग पर गांव गढ़ी इज्जत खां के पास कब्रिस्तान से सटा नाला है।
गढ़ी गांव, वर्षा और आसपास के इलाकों का बारिश का पानी इसी नाले में पहुंचता है। बताया गया कि नाले का कुछ हिस्सा नगर पंचायत की ओर से बनवाया गया था, लेकिन आगे की निकासी व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण पानी ग्राम सभा की ओर से बनाए गए नाले तक ठीक से नहीं पहुंच पाता। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाला दोनों तरफ से क्षतिग्रस्त होने के साथ गंदगी से अटा पड़ा है। यही वजह है कि बारिश होते ही पानी की निकासी बाधित हो जाती है और कुछ ही समय में मुख्य सड़क जलमग्न हो जाती है। मशीन से पानी निकला, लेकिन स्थायी समाधान कब? नगर पालिका द्वारा मशीन लगाकर पानी निकलवाए जाने से फिलहाल लोगों को राहत जरूर मिल गई, लेकिन सवाल यह है कि आखिर हर बार बारिश के बाद मशीन लगाकर पानी निकालने की नौबत क्यों आती है? यदि नाले की समय रहते सफाई, मरम्मत और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कर दी जाए तो मुख्य मार्ग को बार-बार तालाब बनने से बचाया जा सकता है। वहीं, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया है। अब देखना यह है कि मशीन से पानी निकालने की यह कार्रवाई केवल तत्काल राहत तक सीमित रहती है या नाले की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त कराया जाता है। स्थानीय लोगों की जुबान पर बड़ा सवाल: जब बारिश हर साल होती है और जलभराव की समस्या भी नई नहीं है, तो आखिर जिम्मेदार विभाग स्थायी समाधान के लिए कब जागेगा?
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)