संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, 83 शिकायतों में 13 का मौके पर निस्तारण
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, 83 शिकायतों में 13 का मौके पर निस्तारण
भूमि विवाद एवं अवैध कब्जों के मामलों में पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम गठित कर जांच के निर्देश, विद्युत सुरक्षा से जुड़े प्रकरणों पर भी डीएम ने दिखाई गंभीरता
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। आम जनमानस की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तहसील शिकोहाबाद के सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, उपजिलाधिकारी शिकोहाबाद, क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद सहित जनपद एवं तहसील स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

संपूर्ण समाधान दिवस में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। ग्राम घुनपई निवासी प्रेमवीर सिंह, महावीर सिंह भारती, धर्मवीर सिंह एवं गंभीर सिंह ने गाटा संख्या 138/5 की कृषि भूमि पर विपक्षीगण द्वारा जबरन कब्जा करने तथा पूर्व में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद कब्जा न छोड़ने की शिकायत की। वहीं ग्रामसभा जरौली के नगला भवानी निवासी श्याम सुंदर ने गाटा संख्या 1241 की भूमि पर धारा-24 के अंतर्गत मेड़बंदी होने के बावजूद दबंगों द्वारा खेत जोतने एवं बोने से रोकने का मामला उठाया।

इसके अतिरिक्त ग्राम कंथरी निवासी एक महिला शिकायतकर्ता ने गाटा संख्या 939 पर विपक्षीगण द्वारा जबरन कब्जे के प्रयास एवं अभद्रता किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इन सभी भूमि विवाद एवं अवैध कब्जे से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर निष्पक्ष जांच कराने तथा नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों में मोहल्ला पालीवाल नगर, स्टेशन रोड शिकोहाबाद निवासी सुनीता देवी ने अपने मकान के छज्जे की ओर झुके विद्युत पोल को सीधा कराने अथवा अन्य स्थान पर शिफ्ट कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम आरौंज निवासी दिव्यांग मूंगाराम राठौर ने विकलांग आवास योजना के तहत बने अपने मकान के ऊपर से गुजर रही झुकी हुई एवं अर्थिंग वाली विद्युत केबल तथा खंभे को हटवाने की मांग की, जिससे उनके परिवार को संभावित विद्युत दुर्घटना से बचाया जा सके। 83 शिकायतें प्राप्त, 13 का मौके पर निस्तारण संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 83 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
शेष प्रकरणों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपा गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयसीमा में किया जाए। किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद एवं अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करें और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। विद्युत सुरक्षा से संबंधित शिकायतों में भी तत्काल कार्रवाई कर संभावित खतरे को समाप्त करने के निर्देश दिए।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों पर आने वाले पीड़ितों की शिकायतों को प्राथमिकता से सुना जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति जवाबदेह एवं संवेदनशील बने रहने का संदेश दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)