गंगा दशहरा पर किरन पब्लिक स्कूल परिवार ने मजदूरों और बच्चों को पिलाया शीतल शरबत
गंगा दशहरा पर किरन पब्लिक स्कूल परिवार ने मजदूरों और बच्चों को पिलाया शीतल शरबत
कायमगंज/फर्रुखाबाद। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर पट्टिया लेन, कम्पिल रोड स्थित ईंट भट्टे पर संचालित किरन पब्लिक स्कूल परिवार द्वारा मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भीषण गर्मी को देखते हुए भट्टे पर कार्यरत मजदूरों, उनके बच्चों एवं विद्यालय में कार्य कर रहे श्रमिकों के लिए शीतल रूहआफजा शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। तपती धूप और उमस भरी गर्मी के बीच जब श्रमिकों और बच्चों को ठंडा शरबत पिलाया गया तो उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी। उपस्थित लोगों ने विद्यालय परिवार के इस सराहनीय प्रयास की जमकर प्रशंसा की।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय परिवार ने समाज में सेवा, सहयोग, भाईचारे और मानवता का संदेश भी दिया। विद्यालय प्रबंधक डॉ. वीरेंद्र गंगवार ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। यही सच्ची मानव सेवा है। वहीं विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या अंजू बाथम ने कहा कि गंगा दशहरा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि परोपकार और मानवता को आत्मसात करने का अवसर भी है। शैक्षिक गतिविधि प्रभारी विक्रांत सिंह ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और विद्यालय सदैव सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। कार्यक्रम में परीक्षा प्रभारी निखिल शाक्य, मीडिया प्रभारी हिरा अंसारी, कला एवं सृजनात्मक प्रभारी शिवानी राठौर, आरजू गंगवार, आकांक्षा सैनी, शिक्षक अजमत अमीन अली, रवि कुमार तथा विद्यालय के लिपिक उमाकांत वर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या राधिका नायर ने केरल से ही सभी को गंगा दशहरा की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए विद्यालय परिवार के इस सामाजिक कार्य की सराहना की। कार्यक्रम में भट्टा मुनीम अखिलेश, ठेकेदार महिमा चंद्र एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण सेवा, सहयोग और मानवता की भावना से ओत-प्रोत रहा। बच्चों और उनके परिजनों ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्य समाज में प्रेम, भाईचारे और संवेदनशीलता को बढ़ावा देते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)