गंगा दशहरा पर मैनपुरी की नहरों और घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गंगा दशहरा पर मैनपुरी की नहरों और घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सुरक्षा के कड़े इंतजाम मैनपुरी (अजय किशोर) ज्येष्ठ मास के पवित्र अवसर पर मैनपुरी जनपद में गंगा दशहरा का पर्व बेहद हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही जिले की विभिन्न नदियों, घाटों और प्रमुख जल स्रोतों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। विशेष रूप से दन्नाहार, घिरोर, कुरावली और लोअर गंग नहर जैसे स्थलों पर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने पवित्र स्नान किया। लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दान-पुण्य कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की, जबकि कई स्थानों पर भजन-कीर्तन के धार्मिक आयोजनों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी पावन दिन मां गंगा का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था, यही वजह है कि इस दिन स्नान और पूजा का विशेष महत्व है। बीते वर्षों में त्योहार के दौरान होने वाले हादसों से सबक लेते हुए इस बार जिला प्रशासन बेहद सतर्क नजर आ रहा है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे जनपद में सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि आस्था का यह महापर्व बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके। सीओ सिटी संतोष कुमार के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों को चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात किया गया है। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग, मजबूत रस्सियाँ और सुरक्षा ट्यूब लगाने के साथ-साथ प्रशिक्षित तैराकों तथा स्थानीय गोताखोरों की तैनाती की गई है ताकि आपात स्थिति में तुरंत रेस्क्यू किया जा सके। इसके अलावा, लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं से लगातार गहरे पानी में न जाने और सुरक्षित रहने की अपील की जा रही है, जिससे मैनपुरी में आस्था और सुरक्षा का एक बेहतरीन सामंजस्य देखने को मिल रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)