एटा पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
एटा पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
एटा । जनपद में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, योगेन्द्र सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
एसएसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में चिन्हित कुख्यात अपराधियों का सत्यापन कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के तहत चिन्हित अपराधियों की संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई को तेज करने पर बल दिया गया। लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी निर्देश जारी किए गए। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति और एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रहकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त बढ़ाने तथा यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
एसएसपी ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी अनुशासन, शालीनता और उच्च आचरण बनाए रखें। दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही मालखानों के सुव्यवस्थित रखरखाव और साइबर हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारों को देखते हुए जनपद में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के अंत में अधिकारियों से निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की अपील की गई।