Etah News : प्रेम संबंधों में बाधक बन रहा था पति, प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करने वाली पत्नी गिरफ्तार
Etah News : प्रेम संबंधों में बाधक बन रहा था पति, प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करने वाली पत्नी गिरफ्तार
एटा। थाना पिलुआ पुलिस ने प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने की आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस फरार चल रहे दूसरे आरोपी आकाश की तलाश में जुटी है। पुलिस गिरफ्तार महिला के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, थाना पिलुआ क्षेत्र के ग्राम भदवास निवासी भूप सिंह पुत्र गुजारीलाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसका भाई रामसेवक दिल्ली में रहकर गाड़ी चलाता था और परिवार के साथ वहीं रहता था। इसी दौरान गांव का रहने वाला आकाश पुत्र महिपाल, जो दिल्ली में ही काम करता था, की रामसेवक की पत्नी से जान-पहचान हो गई।
दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई। रामसेवक द्वारा इसका विरोध करने पर आकाश ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। शिकायत के मुताबिक, दीपावली का त्योहार मनाने के लिए रामसेवक अपनी पत्नी के साथ गांव आया था। आरोप है कि इसी दौरान आकाश ने रामसेवक को शराब पिलाई और फिर उसकी हत्या कर दी। रामसेवक 8 नवंबर 2026 से लापता था। 10 नवंबर को उसका शव ग्राम भदवास के पास जीटी रोड किनारे पड़ा मिला। मृतक के भाई ने अपनी भाभी और आकाश पर मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया था। मामले में थाना पिलुआ पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 157/26 के तहत धारा 103(1) और 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. ईलामारन ने फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक अपराध सच्चिदानंद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाहा के नेतृत्व में थाना पिलुआ पुलिस ने 11 नवंबर 2026 को फरार चल रही आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संदीप कुमार राणा, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल विकल्प कुमार, कांस्टेबल सागर मलिक, महिला कांस्टेबल डीलन गोस्वामी और महिला कांस्टेबल कल्पना चौधरी शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)