फूलपुर दोहरे हत्याकांड का खुलासा, करीबी रिश्तेदार और पड़ोसी निकले कातिल

Feb 03, 2026 - 22:00
0 2
फूलपुर दोहरे हत्याकांड का खुलासा, करीबी रिश्तेदार और पड़ोसी निकले कातिल

फूलपुर दोहरे हत्याकांड का खुलासा, करीबी रिश्तेदार और पड़ोसी निकले कातिल

मैनपुरी (अजय किशोर)। थाना बरनाहल पुलिस ने ग्राम फूलापुर में हुई सनसनीखेज दंपत्ति हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बीती 26 जनवरी की रात को महेश चंद्र (उम्र 60 वर्ष) पुत्र राजाराम और उनकी पत्नी अनीता देवी (उम्र 58 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की 5 टीमें लगाई गई थीं, जिन्होंने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को बहसी तिराहे के पास से हत्यारोपियों को धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या की मुख्य वजह पुरानी रंजिश और लूटपाट थी। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान अर्जुन पुत्र स्व. सुरेशचंद्र निवासी नगला राय, घिरोर और आनंद पुत्र स्व. मानसिंह निवासी फूलापुर, बरनाहल के रूप में हुई है।

आरोपी आनंद ने बताया कि मृतक महेश चंद्र उसकी बहन के किसी अन्य जाति के लड़के के साथ चले जाने को लेकर अक्सर ताने देते थे, जिससे वह रंजिश रखता था। वहीं दूसरा आरोपी अर्जुन, मृतक महेश चंद्र के चचेरे भाई का दामाद है। हत्याकांड की योजना बहुत ही शातिर तरीके से बनाई गई थी। आरोपियों को पता था कि महेश चंद्र के छोटे बेटे की शादी 17 फरवरी को होनी है, जिसके लिए घर में काफी जेवरात बनवाकर रखे गए हैं। घटना वाली रात आरोपी सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते घर में घुसे। आहट होने पर जब महेश चंद्र और उनकी पत्नी अनीता देवी जागे, तो आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से दोनों को गोली मार दी। इसके बाद आरोपियों ने घर में रखे जेवरात लूट लिए और फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शत-प्रतिशत लूटे गए जेवरात बरामद कर लिए हैं, जिसमें सोने के हार, अंगूठी, झुमके, चूड़ियां और चांदी की पाजेब समेत भारी मात्रा में आभूषण शामिल हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त 02 अवैध तमंचे और 02 खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इस सफल अनावरण में थाना बरनाहल पुलिस के साथ सर्विलांस, स्वाट और साइबर सेल की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User