सीएमओ ने सीएचसी गोधना का किया औचक निरीक्षण, 22 कर्मचारी मिले अनुपस्थित
सीएमओ ने सीएचसी गोधना का किया औचक निरीक्षण, 22 कर्मचारी मिले अनुपस्थित
मैनपुरी (अजय किशोर) मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आरसी गुप्ता ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोधना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की ओपीडी, टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग और आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की गहन समीक्षा की, साथ ही विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का भी जायजा लिया जिसमें प्रभारी जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रवींद्र सिंह गौर भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार यादव को निर्देश दिए कि 10 अक्टूबर से शुरू होने वाले दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर भ्रमण कर बीमार व्यक्तियों की सूची बनाई जाए और अधिक मरीज मिलने पर वहां स्वास्थ्य शिविर लगाकर उपचार दिया जाए।
प्रसव कक्ष के बाहर एक ही रंग की रखी गई तीन डस्टबिन को तुरंत बदलकर तीन अलग-अलग रंगों की डस्टबिन लगवाने के निर्देश मेडिकल ऑफिसर डॉ. नीतू यादव को दिए गए, जबकि कोल्ड चेन निरीक्षण के दौरान तापमान लॉग बुक पर चिकित्सा अधीक्षक के हस्ताक्षर न होने पर असंतोष व्यक्त किया गया। अस्पताल के इस औचक निरीक्षण के समय डॉ. अपराजिता सिंह, बिपिन यादव, अरुणा यादव, संगीता एलटी, कल्पेश यादव, प्रदीप कुमार, मनेन सिंह, बीरपाल सिंह, डॉ. कुंतेश चौधरी, मनोज कुमार फार्मासिस्ट, डॉ. पुष्पेंद्र कुमार, डॉ. अंकित यादव, धीरज सिंह, डॉ. अंकुर यादव, आकाश मदौरिया, ऋचा चौहान, होशियार सिंह, राय सिंह, मनोज कुमार, नीरज सक्सेना, सत्येंद्र कुमार और नेहा कुमारी सहित कुल 22 अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इन सभी अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा संतोषजनक जवाब न मिलने पर एक दिन का वेतन काटने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। अंत में सीएमओ ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान, टीबी उन्मूलन और नियमित टीकाकरण अभियानों को पूरी प्रभावशीलता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का समय से और सुगम लाभ मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)