मिशन शक्ति की बाइक और पैदल रैली से गूंजा महिला सुरक्षा का संदेश

Oct 14, 2026 - 08:47
0 0
मिशन शक्ति की बाइक और पैदल रैली से गूंजा महिला सुरक्षा का संदेश

block-350 block-350

मिशन शक्ति की बाइक और पैदल रैली से गूंजा महिला सुरक्षा का संदेश

डीआईजी यमुना प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, डीएम-एसपी और विधायकों ने भी लिया हिस्सा; नवरात्र में मंदिरों व धार्मिक स्थलों पर बढ़ाई गई सुरक्षा

फर्रुखाबाद। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस लाइन से बाइक और पैदल जागरूकता रैली निकाली गई। डीआईजी यमुना प्रसाद ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद निकली पैदल रैली में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने सहभागिता की। रैली के माध्यम से आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और महिलाओं के सम्मान को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे पुलिस लाइन मैदान से शुरू हुई बाइक रैली कलेक्ट्रेट, मिलिट्री चौराहा, कोतवाली और जिला जेल चौराहे सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। रैली में शामिल पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, अधिकारों तथा सम्मान के प्रति लोगों को जागरूक किया।

निर्धारित मार्गों का भ्रमण करने के बाद रैली वापस पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। बाइक रैली के बाद शाम करीब छह बजे पुलिस लाइन से पैदल जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें डीआईजी यमुना प्रसाद, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि और भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर शामिल हुए। पुलिसकर्मी हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर चल रहे थे। इनके जरिए महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा एवं आत्मविश्वास की भावना मजबूत करना है, ताकि वे बिना भय के शिक्षा, रोजगार और अन्य गतिविधियों में भाग ले सकें। नवरात्र के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस प्रशासन सतर्क है। डीआईजी यमुना प्रसाद ने बताया कि मंदिरों, रामलीला स्थलों और अन्य धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दिन और रात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

गांवों और कस्बों के प्रमुख आवागमन वाले स्थानों पर भी पुलिस बल तैनात किया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सीओ सिटी अभय वर्मा, सीओ मोहम्मदाबाद तथा सिटी सर्किल के चारों थानों के थानाध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आमजन से महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की जानकारी मिलने पर उचित कदम उठाने की अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User