दीपक बघेल को मिली मां दुर्गा जयंती शोभायात्रा की कमान, 19 अक्टूबर को निकलेगी भव्य यात्रा
दीपक बघेल को मिली मां दुर्गा जयंती शोभायात्रा की कमान, 19 अक्टूबर को निकलेगी भव्य यात्रा
दो दर्जन से अधिक झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र, महाराजा अग्रसेन स्कूल से शुरू होकर काली देवी मंदिर पहुंचेगी शोभायात्रा
शिकोहाबाद। मां दुर्गा जयंती के अवसर पर प्रस्तावित भव्य शोभायात्रा को लेकर बुधवार को मोहल्ला गढ़ैया स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शोभायात्रा को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के लिए समिति का गठन करते हुए आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान दीपक बघेल को मां दुर्गा जयंती शोभायात्रा समिति का अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष बनाए जाने के बाद समिति के सदस्यों एवं उपस्थित लोगों ने दीपक बघेल का फूलमालाएं पहनाकर तथा पटका ओढ़ाकर स्वागत किया। नवनियुक्त अध्यक्ष ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग का आह्वान किया।
समिति के पदाधिकारियों राजेश अग्रवाल, राजेश द्विवेदी एवं अंकुर वर्मा ने बैठक में शोभायात्रा की तैयारियों और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर को शाम पांच बजे महाराजा अग्रसेन स्कूल, रुकनपुरा से मां दुर्गा जयंती की भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा के शुभारंभ से पूर्व बड़ा बाजार स्थित काली देवी मंदिर पर मां दुर्गा के स्वरूप की विधिवत आरती की जाएगी तथा नारियल फोड़कर धार्मिक विधि-विधान के साथ यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार इस वर्ष शोभायात्रा में दो दर्जन से अधिक आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां शामिल की जाएंगी। इसके अलावा मां दुर्गा का डोला विशेष रूप से भव्य एवं आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। झांकियों, धार्मिक स्वरूपों और सजावट के माध्यम से शोभायात्रा को यादगार बनाने की तैयारियां समिति द्वारा शुरू कर दी गई हैं। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर कार्य किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ शोभायात्रा को अनुशासित, धार्मिक और भव्य स्वरूप देने के लिए समिति के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इस मौके पर शेखर अग्रवाल, दीपक बघेल, दीपक यादव,ग्रीश चंद्र,राजेश दुबे, अंकुर वर्मा, सोनी गंभीर, मोहन लाल अग्रवाल, शिवम दीक्षित, कुलदीप उर्फ जोनू गुप्ता, डॉ. रामदत्त सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)