दहेज और बेटे की चाहत ने ली विवाहिता की जान, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
दहेज और बेटे की चाहत ने ली विवाहिता की जान, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
मैनपुरी (अजय किशोर) कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले होता रामचंद्र इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने उसके पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला रेतकर बेरहमी से हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। घटना के संबंध में एटा के नगला हिम्मत निवासी श्याम कौर ने बताया कि उनकी बेटी शिखा का विवाह करीब सवा साल पहले, 5 मार्च 2023 को मैनपुरी के अर्जुन सिंह पुत्र विजय सिंह के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले शिखा को दहेज के लिए लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी बीच शिखा ने एक बेटी को जन्म दिया, जिससे ससुराल वाले और ज्यादा नाराज रहने लगे क्योंकि वे बेटे की चाहत रखते थे।
आरोप है कि इसी रंजिश और लालच के चलते बीते मंगलवार की रात ससुराल पक्ष के लोगों ने शिखा की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को जिला अस्पताल में लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए और इसकी सूचना मृतका के मायके वालों को भी नहीं दी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)