गंगा स्नान बना काल: दो दोस्त डूबे, अनुपम की मौत; 5 घंटे बाद मिला शव

May 26, 2026 - 20:46
0 1
गंगा स्नान बना काल: दो दोस्त डूबे, अनुपम की मौत; 5 घंटे बाद मिला शव

block-350 block-350

गंगा स्नान बना काल: दो दोस्त डूबे, अनुपम की मौत; 5 घंटे बाद मिला शव

फर्रुखाबाद/कंपिल। कंपिल थाना क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा में नहाने गए दो दोस्त तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों और स्टीमर कर्मचारियों की मदद से एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दूसरे युवक की डूबने से मौत हो गई। करीब पांच घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने युवक का शव बरामद किया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार कंपिल क्षेत्र के गांव नुनेरा, हाल निवासी रायपुर चिनघटपुर के रहने वाले धर्मवीर शाक्य का 20 वर्षीय पुत्र अनुपम शाक्य मंगलवार सुबह अपने दोस्तों जितेंद्र और पवन के साथ बदायूं जनपद की सीमा में स्थित अटैना घाट पर गंगा स्नान करने गया था। बताया गया कि सुबह करीब 11 बजे तीनों दोस्त गंगा में स्नान कर रहे थे।

इसी दौरान अनुपम अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में फंसकर डूबने लगा। अनुपम को बचाने के लिए उसका दोस्त जितेंद्र तुरंत गंगा में कूद पड़ा, लेकिन बहाव तेज होने के कारण वह भी पानी में डूबने लगा। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो वहां मौजूद स्थानीय लोगों और स्टीमर कर्मचारियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद जितेंद्र को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अनुपम का कोई पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब पांच घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद ग्राम जाटी निवासी गोताखोर कल्लू ने अनुपम का शव गहरे पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला बदायूं भेज दिया। अनुपम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार में छोटा भाई नीलेश और बहन प्रीति है, जिसकी शादी हो चुकी है। मां सीमा और पिता धर्मवीर का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि अनुपम सुबह घर से दोस्तों के साथ गंगा स्नान की बात कहकर निकला था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह वापस जिंदा नहीं लौटेगा। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User