Etah News : ट्रांसफार्मर से कॉपर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार

Feb 2, 2026 - 21:34
 0  13
Etah News : ट्रांसफार्मर से कॉपर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार

ट्रांसफार्मर से कॉपर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार

एटा। जनपद एटा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विद्युत ट्रांसफार्मरों को गिराकर उनसे कीमती कॉपर चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने छह शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का कॉपर, नकदी, अवैध हथियार, घटना में प्रयुक्त कार व उपकरण बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर श्वेताभ पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर संकल्प दीप कुशवाह के नेतृत्व में थाना मिरहची व थाना पिलुआ की संयुक्त पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

 पुलिस के अनुसार बीते कुछ दिनों से एटा सहित आसपास के जनपदों में रात्रि के समय विद्युत ट्रांसफार्मरों को प्लेटफार्म से गिराकर उन्हें क्षतिग्रस्त कर अंदर से कॉपर चोरी की कई घटनाएं सामने आ रही थीं, जिससे विद्युत विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ और कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इन घटनाओं के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस व विभिन्न थानों की कुल पांच टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में 2 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर कासगंज बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार को रोका गया। कार में सवार छह युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। तलाशी लेने पर उनके पास से 3,49,200 रुपये नकद, ट्रांसफार्मर खोलने के उपकरण, 25 किलो चोरी का कॉपर तथा एक अभियुक्त के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा व कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने एटा जनपद के मिरहची, पिलुआ, मलावन, अलीगंज, राजा का रामपुर सहित गौतमबुद्ध नगर व अलीगढ़ जनपदों में ट्रांसफार्मर से कॉपर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी किया गया कॉपर 700 से 800 रुपये प्रति किलो के हिसाब से ग्रेटर नोएडा में बेचा जाता था। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राहुल, दुरवीन, आकाश, अमित, लवकुश व अजय निवासी जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। वहीं तीन अभियुक्त महबूब, फईम और नाजिम निवासी मेरठ फरार बताए गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम, विद्युत तार व ट्रांसफार्मर चोरी अधिनियम, बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।