एटा में मिशन शक्ति 5.0 अभियान का शुभारंभ

Sep 21, 2025 - 18:09
0 11
एटा में मिशन शक्ति 5.0 अभियान का शुभारंभ

एटा में मिशन शक्ति 5.0 अभियान का शुभारंभ

जनपद एटा में महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त, स्वावलंबी और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-5 अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें सुरक्षित माहौल की अनुभूति कराना, जनजागरूकता बढ़ाना, आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षित करना और अपराधियों की पहचान उजागर करना है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्याम नारायण सिंह ने पुलिस कार्यालय से महिला सशक्तिकरण रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर संजय सिंह और क्षेत्राधिकारी सकीट कीर्तिका सिंह भी मौजूद रहीं। रैली में महिला पुलिसकर्मियों के साथ यूपी-112 पीआरवी वाहन, पीए सिस्टम युक्त प्रचार वाहन और मिशन शक्ति से संबंधित बैनर, पोस्टर और प्रतीक चिन्ह प्रदर्शित करने वाले चार पहिया वाहन शामिल रहे। रैली के माध्यम से जनपदवासियों को यह संदेश दिया गया कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों की रोकथाम और उनके अधिकारों की रक्षा हेतु यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 21 सितंबर से 22 अक्टूबर 2025 तक जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में लघु फिल्म, नुक्कड़ नाटक, ध्वनि संदेश, संवाद, सूचना पुस्तिकाएं और पंपलेट के माध्यम से लोगों को महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

मिशन शक्ति फेज-5 के प्रमुख बिंदुओं में महिला सुरक्षा, सरकारी योजनाओं की जानकारी और महिला हिंसा से संबंधित हेल्पलाइन फोरम शामिल हैं। इसमें महिला एवं बाल अधिकारों से जुड़े कानूनों की जानकारी, कन्या सुमंगला, उज्ज्वला, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत, वन स्टॉप सेंटर, महिला शक्ति केंद्र जैसी योजनाएं शामिल हैं। साथ ही, लोगों को 1090 वीमेन पावर लाइन, 112 इमरजेंसी सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 102 और 108 स्वास्थ्य सेवाएं, 181 वन स्टॉप सेंटर, स्थानीय थानों की महिला हेल्प डेस्क और महिला आयोगों जैसी सेवाओं की जानकारी भी दी जा रही है।

 रैली पुलिस कार्यालय से शुरू होकर ऋषि मार्केट, जीटी रोड, महाराणा प्रताप चौराहा, अलीगंज तिराहे से होते हुए पुनः पुलिस कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। मिशन शक्ति अभियान के इस चरण से महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास की भावना जागृत करने और समाज में उनके प्रति सकारात्मक माहौल निर्माण की दिशा में सार्थक कदम उठाए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User