आगरा खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन के लिए प्रशासन अलर्ट, 23 अक्टूबर को मतदान
आगरा खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन के लिए प्रशासन अलर्ट, 23 अक्टूबर को मतदान
16 केंद्रों पर बनाए गए 31 बूथ, 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 6 जोनल मजिस्ट्रेट संभालेंगे जिम्मेदारी
एटा। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिले में 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन के 22 और शिक्षक निर्वाचन के नौ बूथ शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट, छह जोनल मजिस्ट्रेट और 31 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखें। किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियां गुरुवार सुबह जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार से अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी पोलिंग पार्टियों के साथ निर्धारित बसों में जाएंगे, ताकि मतदान दलों की सुरक्षित रवानगी और केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित की जा सके। मतदान की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए मतदाताओं को मतदान कक्ष में पेन, पेंसिल, कलम, पानी या मोबाइल फोन लेकर प्रवेश न करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदाताओं को निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित पहचान पत्र साथ रखना होगा। अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने पुलिस अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा न आने देने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय नारायण सिंह, एसपी सिटी श्वेताभ पांडेय, एसपी अपराध सच्चिदानंद सहित संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)