एटा में हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन का शुभारंभ, अब ओवरस्पीडिंग और यातायात नियम तोड़ने वालों पर रहेगी डिजिटल नजर
एटा में हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन का शुभारंभ, अब ओवरस्पीडिंग और यातायात नियम तोड़ने वालों पर रहेगी डिजिटल नजर
एटा । सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय परिसर से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। एसएसपी ने बताया कि इंटरसेप्टर वाहन स्पीड डिटेक्शन रडार, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, एलईडी डिस्प्ले बोर्ड सहित आधुनिक तकनीक से लैस है।
वाहन में लगी रडार प्रणाली चलते वाहनों की गति का सटीक मापन करेगी, जबकि कैमरे 250 मीटर से लेकर एक किलोमीटर तक की दूरी से वाहन की नंबर प्लेट कैप्चर करने में सक्षम हैं। इससे ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों की पहचान कर उनके विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की जाएगी। वाहन में ब्रीथ एनालाइज़र की भी व्यवस्था की गई है, जिससे शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की जा सकेगी। इसके अलावा रॉन्ग साइड ड्राइविंग एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी तकनीकी निगरानी रखते हुए नियमानुसार ई-चालान एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर यातायात निरीक्षक अब्दुल कादिर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)