एडीजी आगरा जोन ने कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा की

Jul 31, 2026 - 18:35
0 7
एडीजी आगरा जोन ने कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा की

block-350 block-350

एडीजी आगरा जोन ने कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा की

सुरक्षा, समन्वय एवं त्वरित रिस्पांस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने प्रस्तुत की तैयारियों की विस्तृत कार्ययोजना

एटा । अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) आगरा जोन एस.के. भगत ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा के सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर विभागवार तैयारियों का आकलन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन द्वारा विगत एक माह से कांवड़ यात्रा के संबंध में किए गए व्यापक प्रबंधों का पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया।

इसमें कांवड़ मार्गों की व्यवस्थाएं, रूट डायवर्जन, ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पीस कमेटी बैठकों,सेक्टरवार ड्यूटी, कंट्रोल रूम संचालन तथा शासन द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुपालन की जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण के उपरांत एडीजी आगरा जोन ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने लोकेशन प्वाइंट का नियमित निरीक्षण करते रहें तथा पुलिस, विद्युत एवं स्वास्थ्य विभाग विशेष सतर्कता बरतें। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखी जाए तथा डायल-112 पुलिस वाहनों द्वारा निरंतर पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग कांवड़ मार्गों पर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की समुचित व्यवस्था बनाए रखे। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद को बनाए गए 5 जोन 18 सेक्टरों के अनुसार प्रत्येक सेक्टर का अलग व्हाट्सएप ग्रुप संचालित रहे, जिससे अधिकारियों के बीच त्वरित संचार एवं समन्वय बना रहे। संबंधित थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में आवश्यकता पड़ने पर उपयोग हेतु क्रेन, जेसीबी एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता की अद्यतन जानकारी रखें तथा फायर टेंडरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें।

एडीजी ने कहा कि प्रत्येक थाना प्रभारी अपने कांवड़ यात्रा रूट क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, सभासदों एवं अन्य प्रमुख नागरिकों के संपर्क नंबर उपलब्ध रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय सहयोग तत्काल प्राप्त किया जा सके। सभी अधिकारी निर्धारित टाइम जोन के अनुसार अतिरिक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करें तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी रिस्पांस दिया जाए। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन जी ने एडीजी आगरा जोन को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा कांवड़ यात्रा को पूर्ण सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस पूरी तत्परता से कार्य करेगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, समस्त उप जिलाधिकारी,समस्त क्षेत्राधिकारी तथा संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User