सड़क हादसों पर डीएम का बड़ा एक्शन! अब बिना हेलमेट, ओवरस्पीड और नशे में ड्राइविंग पर चलेगा सख्त डंडा
सड़क हादसों पर डीएम का बड़ा एक्शन! अब बिना हेलमेट, ओवरस्पीड और नशे में ड्राइविंग पर चलेगा सख्त डंडा
फर्रुखाबाद/जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने जिले के सभी दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर वहां प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड मानकों के अनुरूप लगाने के आदेश दिए। कांवड़ यात्रा को देखते हुए डीएम ने हाईवे और प्रमुख मार्गों पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए हाईवे किनारे नालों की सफाई कराने और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग और पुलिस को संयुक्त अभियान चलाकर बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए। स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने, छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी देने तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा सड़क दुर्घटना होने पर घायलों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर जिलाधिकारी ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)