लाखों की लागत से बना कूलिंग सेंटर बना शोपीस! दो दिन से बंद, मरीज गर्मी में बेहाल
लाखों की लागत से बना कूलिंग सेंटर बना शोपीस! दो दिन से बंद, मरीज गर्मी में बेहाल
कायमगंज/फर्रुखाबाद/ नगर पालिका परिषद कायमगंज द्वारा संचालित कूलिंग सेंटर की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मरीजों और तीमारदारों का आरोप है कि लाखों रुपये की लागत से संचालित किए जा रहे इस कूलिंग सेंटर का उद्देश्य लोगों को भीषण गर्मी से राहत देना था, लेकिन जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही के चलते यह सुविधा लोगों के लिए बेकार साबित हो रही है। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से कूलिंग सेंटर पर ताला लटका हुआ है, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए बनाए गए इस केंद्र के बंद रहने के कारण लोग बाहर खुले में बैठने को मजबूर हैं। कई मरीज और तीमारदार अंगोछे व हाथ के पंखे से हवा कर किसी तरह गर्मी से बचने का प्रयास कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कूलिंग सेंटर पर ड्यूटी करने वाले कर्मचारी आदित्य पांडे अक्सर समय पर मौजूद नहीं रहते। आरोप यह भी लगाया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में रहने और केंद्र पर ताला लगाकर चले जाने जैसी शिकायतें भी सामने आती रही हैं। यदि ये आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल सरकारी सेवा में घोर लापरवाही है, बल्कि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ भी गंभीर खिलवाड़ माना जाएगा। लोगों का कहना है कि कूलिंग सेंटर के संचालन पर सरकार और नगर पालिका द्वारा अच्छा-खासा बजट खर्च किया गया है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं पूरी तरह ध्वस्त दिखाई दे रही हैं। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद मरीजों को सुविधा नहीं मिल रही, जिससे सरकारी धन के उपयोग पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, उपजिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय अरुण कुमार सिंह तथा नगर पालिका परिषद कायमगंज के अधिशासी अधिकारी डॉ. लवकुश मिश्रा से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कूलिंग सेंटर को नियमित रूप से संचालित कराने और मरीजों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की भी अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)