जिलाधिकारी ने किया निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी ने किया निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक निरीक्षण
मैनपुरी (अजय किशोर) जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जनपद में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में बन रहे टाइप-04 के 24 नग आवासों और बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय (प्री-प्राइमरी से कक्षा-12) के निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि जनहित की इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही, मानकों की अनदेखी या गुणवत्ता से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण और सख्त मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए ताकि विद्यार्थियों और आमजन को समय पर इसका लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था 'उ.प्र. प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड' को विद्यालय परिसर की बाउंड्रीवाल का तत्काल चिन्हांकन करने और मिट्टी भराई के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण स्थल पर स्वीकृत मॉडल, नक्शा और ड्राइंग की उपलब्धता अनिवार्य करने को कहा ताकि काम तय मानकों के अनुरूप हो। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने सीमेंट और सरिया की प्रयोगशाला में समयबद्ध जांच कराने की हिदायत दी। अधिकारियों ने बताया कि ₹24.07 करोड़ की इस परियोजना में अब तक ₹11.97 करोड़ अवमुक्त हो चुके हैं, जिसमें से ₹2.40 करोड़ व्यय किए जा चुके हैं और वर्तमान भौतिक प्रगति 12.16 प्रतिशत है। इसके बाद जिलाधिकारी ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में टाइप-04 के 24 आवासों के निर्माण कार्य की प्रगति देखी। ₹17.82 करोड़ की इस परियोजना पर अब तक ₹14.09 करोड़ व्यय किए जा चुके हैं और लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। डॉ. त्रिपाठी ने निर्देश दिए कि धन के अभाव में काम प्रभावित नहीं होना चाहिए और शेष धनराशि के लिए तत्काल शासन स्तर पर पत्राचार किया जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरुण कुमार शुक्ला सहित कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)