संविधान दिवस पर पाली इंटर कॉलेज में गूंजा संविधान का संदेश, 7 हजार विद्यार्थियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

Nov 26, 2026 - 18:58
0 9

संविधान दिवस पर पाली इंटर कॉलेज में गूंजा संविधान का संदेश, 7 हजार विद्यार्थियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

जिला जज मनोज कुमार तृतीय एवं जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संविधान के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की दी जानकारी 

शिकोहाबाद/फिरोजाबाद। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को शिकोहाबाद स्थित पाली इंटर कॉलेज के प्रांगण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के लगभग 7 हजार छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा संविधान के मूल आदर्शों के प्रति निष्ठा की शपथ ली। 

कार्यक्रम में जिला जज मनोज कुमार तृतीय, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेश शिवा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की संरचना, लोकतांत्रिक मूल्यों, विधि के शासन, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की भूमिका तथा मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाए रखने में युवाओं की सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। 

जिलाधिकारी ने कहा कि हजारों छात्र-छात्राओं की सामूहिक सहभागिता राष्ट्रहित और लोकतंत्र को मजबूत बनाने का सकारात्मक संदेश देती है। उन्होंने सभी जनपदवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। वहीं जिला जज मनोज कुमार तृतीय ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इतने कम समय में विशाल संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की सराहना की। 

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब एवं मतदाता जागरूकता अभियान की जानकारी दी गई। लगभग 7 हजार विद्यार्थियों की एक साथ संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन में सहभागिता ने आयोजन को विशेष और यादगार बना दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Sheelendra Singh

Sheelendra Singh ब्यूरो चीफ फिरोजाबाद हैं, जो स्थानीय समाचारों, घटनाओं पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय और सटीक जानकारी पहुंचाना है।

Comments (0)

User