फर्रुखाबाद में भीषण जाम से थमी रफ्तार, दो एंबुलेंस फंसीं; लोगों ने दिखाई इंसानियत

May 24, 2026 - 07:01
0 0
फर्रुखाबाद में भीषण जाम से थमी रफ्तार, दो एंबुलेंस फंसीं; लोगों ने दिखाई इंसानियत

फर्रुखाबाद में भीषण जाम से थमी रफ्तार, दो एंबुलेंस फंसीं; लोगों ने दिखाई इंसानियत

 फर्रुखाबाद/ शहर के व्यस्ततम चौक बाजार क्षेत्र में शनिवार रात भीषण जाम लगने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। रात करीब साढ़े आठ बजे लगे जाम में दो एंबुलेंस भी फंस गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लगातार बजते सायरनों के बीच स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत कर एंबुलेंसों को बाहर निकलवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चौक बाजार से जुड़े रेलवे रोड, गुड़गांव देवी मंदिर मार्ग और घूमना की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चार पहिया वाहनों, ई-रिक्शा और बाइक सवारों की भारी भीड़ के चलते पूरा इलाका जाम की गिरफ्त में आ गया। हालात ऐसे हो गए कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। इसी दौरान मरीजों को लेकर जा रहीं दो एंबुलेंस जाम में फंस गईं। काफी देर तक एंबुलेंसों के सायरन बजते रहे, लेकिन रास्ता नहीं मिल सका। इसके बाद स्थानीय युवाओं और राहगीरों ने आगे आकर मोर्चा संभाला। लोगों ने सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाया और ट्रैफिक को व्यवस्थित कराया।

करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद दोनों एंबुलेंस सुरक्षित जाम से बाहर निकल सकीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौक बाजार में आए दिन जाम लगना आम बात हो गई है। भीषण गर्मी के चलते दिन में कम निकलने वाले लोग शाम को बाजार पहुंच रहे हैं, जिससे अचानक भीड़ बढ़ जाती है। इसके अलावा सड़क किनारे अवैध पार्किंग और रेहड़ी-पटरी वालों के अतिक्रमण से रास्ते संकरे हो गए हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ रही है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि चौक बाजार में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो किसी दिन एंबुलेंस के फंसने से बड़ा हादसा हो सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User