जनपद फिरोजाबाद में प्रशासन द्वारा हीटवेव (लू) से बचाव हेतु जनसामान्य को एडवाइजरी जारी
जनपदफिरोजाबाद में प्रशासन द्वारा हीटवेव (लू) से बचाव हेतु जनसामान्य को एडवाइजरी जारी
जनपद में बढ़ते तापमान एवं आगामी दिनों में संभावित भीषण गर्मी को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) विशु राजा द्वारा जनसामान्य के लिए हीटवेव (लू) से बचाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विभाग के अनुसार यदि किसी स्थान का तापमान लगातार तीन दिनों तक सामान्य तापमान से 3 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक बना रहता है तो उसे हीटवेव या लू कहा जाता है। वहीं अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार यदि तापमान लगातार पांच दिनों तक सामान्य से 5 डिग्री अधिक या दो दिनों तक 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना रहे तो उसे भी हीटवेव की श्रेणी में रखा जाता है।
उन्होंने बताया कि सामान्यतः 37 डिग्री सेल्सियस तक का तापमान मानव शरीर के लिए सहनीय होता है, लेकिन इससे अधिक तापमान होने पर शरीर वातावरण की गर्मी को अवशोषित करने लगता है, जिससे शरीर का तापमान असंतुलित हो जाता है और हीट स्ट्रोक या सन स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। अधिक समय तक धूप में रहने या गर्म हवाओं के संपर्क में आने से लू लगने का खतरा बढ़ जाता है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में सभी नागरिकों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
क्या करें (Do’s) दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।
हल्के रंग के ढीले एवं सूती कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढकें।
पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें एवं यात्रा के दौरान पानी साथ रखें। ओआरएस घोल, नारियल पानी, लस्सी, नींबू पानी, छाछ एवं आम का पन्ना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें।
स्थानीय मौसम की जानकारी रेडियो, टीवी एवं समाचार पत्रों के माध्यम से प्राप्त करते रहें। चक्कर, कमजोरी या अस्वस्थता महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
घर को ठंडा रखने हेतु पर्दे, शटर आदि का उपयोग करें। पशुओं को भी छाया में रखें एवं उन्हें पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं।
क्या न करें (Don’ts)
भीषण गर्मी में दोपहर के समय भारी एवं श्रमसाध्य कार्य न करें।
अधिक प्रोटीन युक्त एवं बासी भोजन से बचें।
शराब, चाय, कॉफी एवं कार्बोनेटेड पेय पदार्थों का सेवन न करें, ये शरीर में पानी की कमी बढ़ाते हैं।
अत्यधिक गर्म समय में खाना पकाने से बचें तथा रसोई को हवादार रखें।
धूप में खड़े वाहनों में बच्चों एवं पालतू जानवरों को न छोड़ें।
अंत में अपर जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे गर्मी के इस मौसम में सतर्क रहें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अपने एवं अपने परिवार के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।