Free Ration : अप्रैल में राशन कार्ड धारकों को तिगुना अनाज, 41 लाख फर्जी कार्ड रद्द
अप्रैल में राशन कार्ड धारकों को तिगुना अनाज, 41 लाख फर्जी कार्ड रद्द
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने देशभर के राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ा ऐलान किया है। नरेंद्र मोदी सरकार के निर्देशानुसार अप्रैल महीने में लाभार्थियों को तीन महीने (अप्रैल, मई और जून 2026) का राशन एक साथ दिया जाएगा। यह जानकारी खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने साझा की है। विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि सभी पात्र लाभार्थी निर्धारित समय पर अपनी नजदीकी उचित मूल्य की दुकान से राशन प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि, सरकार ने इस फैसले के पीछे किसी विशेष कारण का खुलासा नहीं किया है। इस बीच, सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। संसद में दी गई जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 में कुल 41.41 लाख अपात्र राशन कार्ड रद्द किए गए। राज्यसभा में खाद्य राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया ने बताया कि हरियाणा में सबसे अधिक 13.43 लाख राशन कार्ड समाप्त किए गए।
इसके बाद राजस्थान (6.05 लाख), उत्तर प्रदेश (5.97 लाख), पश्चिम बंगाल (3.74 लाख) और मध्य प्रदेश (2.60 लाख) का स्थान रहा। मंत्री के अनुसार, पीडीएस में तकनीक के बढ़ते उपयोग से वास्तविक लाभार्थियों तक राशन पहुंचाना आसान हुआ है। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राशन कार्ड डेटा का पूर्ण डिजिटलीकरण किया जा चुका है। देश की लगभग सभी उचित मूल्य की दुकानों पर ई-पॉइंट ऑफ सेल (ePOS) मशीनें स्थापित कर दी गई हैं। साथ ही, 99.2 प्रतिशत लाभार्थियों को आधार से जोड़ा जा चुका है और 98.75 प्रतिशत वितरण बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए हो रहा है। सरकार का कहना है कि इन सुधारों का उद्देश्य प्रणाली में पारदर्शिता लाना, भ्रष्टाचार रोकना और यह सुनिश्चित करना है कि राशन केवल पात्र लोगों तक ही पहुंचे।
