स्मार्ट सिटी परियोजना से बदल रही शहर की तस्वीर, नागरिकों को मिलेंगे ठोस और दीर्घकालिक लाभ
स्मार्ट सिटी परियोजना से बदल रही शहर की तस्वीर, नागरिकों को मिलेंगे ठोस और दीर्घकालिक लाभ
अलीगढ़। स्मार्ट सिटी परियोजना के संदर्भ में वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए यह उल्लेखनीय है कि अलीगढ़ स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत रुपया 930 करोड़ की धनराशि आवंटित की गई थी। इस धनराशि से नगर के समग्र एवं सतत विकास के उद्देश्य से कुल 37 परियोजनाएं स्वीकृत की गईं, जिनमें से अब तक 34 परियोजनाएं पूर्ण कर ली गई हैं, जबकि शेष 3 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। स्मार्ट सिटी के तहत किए गए कार्यों से अलीगढ़ शहर में बुनियादी ढांचे के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं का सशक्त विकास हुआ है। नगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण युवाओं एवं खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
वहीं ऐतिहासिक बारहद्वारी क्षेत्र में निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग से जल्द ही यातायात और आमजन को सुव्यवस्थित पार्किंग की सुविधा मिलने वाली है। शहर की सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर-आईसीसीसी स्मार्ट सिटी की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस केंद्र के माध्यम से नगर में यातायात निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और विभिन्न नागरिक सेवाओं का एकीकृत संचालन किया जा रहा है, जिससे शहर अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बन रहा है। इसके अतिरिक्त, स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत नगर के प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण कराया गया है एवं नगर के भीतर और नगर में प्रवेश करने वाली मुख्य सड़कों का सुदृढ़ निर्माण किया जा रहा है। इन कार्यों से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि अलीगढ़ शहर की समग्र छवि भी निखरेगी। कुल मिलाकर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किए गए कार्यों का लाभ प्रत्यक्ष रूप से नगरवासियों को भविष्य में मिलने वाला है।
आधुनिक सुविधाएं, बेहतर यातायात व्यवस्था, सुदृढ़ सुरक्षा प्रणाली और सौंदर्यीकृत सार्वजनिक स्थल अलीगढ़ को एक संगठित, सुरक्षित और विकसित शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। स्मार्ट सिटी के ये प्रयास जनहित में हैं और शहर के दीर्घकालिक विकास की मजबूत नींव रख रहे हैं। वर्तमान में शहर में जो भी निर्माण कार्य गतिमान हैं, शीघ्रता से पूरे कराए जाने के लिए नगर निगम हर सम्भव प्रयास कर रहा है।