यंग स्कॉलर अकैडमी में धूमधाम से मना ‘यंग्स रेनबो कार्निवाल’, विद्यार्थियों की प्रतिभाओं ने मोहा अतिथियों का मन

Nov 29, 2026 - 21:17
0 7

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, फैंसी ड्रेस, कविता पाठ, कला, भाषण एवं गायन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर, मेधावी छात्र-छात्राओं और पत्रकारों का हुआ सम्मान 

शिकोहाबाद। यंग स्कॉलर अकैडमी में रविवार, 29 नवंबर 2026 को ‘यंग्स रेनबो कार्निवाल’ का भव्य एवं रंगारंग आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ अकैडमी की प्रबंधक श्रीमती अरुणा आहूजा, प्रबंधक डॉ. संजीव आहूजा, निदेशिका श्रीमती ईशा आहूजा एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन, दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में पधारे निर्णायक मंडल के सदस्यों का डॉ. संजीव आहूजा एवं श्रीमती ईशा आहूजा ने स्वागत एवं सम्मान किया। साथ ही उपस्थित पत्रकार बंधुओं एवं संस्था के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका श्री ऋषि कुमार, डॉ. गरिमा, डॉ. पल्लवी पांडे, डॉ. पिंकी, डॉ. नम्रता प्रसाद, डॉ. मोनिका सिंह, डॉ. आशी अग्रवाल एवं डॉ. ममता भारद्वाज ने निभाई। कार्निवाल के अंतर्गत विभिन्न आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए फैंसी ड्रेस, नृत्य, कविता पाठ, कला, भाषण एवं गायन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। वहीं नर्सरी से यूकेजी तक के बच्चों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। विद्यार्थियों ने कविता पाठ एवं भाषण के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति और साहित्यिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गायन प्रतियोगिता में बच्चों की मधुर आवाज ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष नृत्य प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अंतरविद्यालयीय प्रतियोगिताओं में भी विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

 अपराह्न 4:10 बजे धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर अकैडमी के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, पत्रकार बंधु एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल बना रहा।

अंत में आयोजकों ने कहा कि ‘यंग्स रेनबो कार्निवाल’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करना है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, सहयोग एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों के बीच आपसी समन्वय एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान का भी संदेश दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Sheelendra Singh

Sheelendra Singh ब्यूरो चीफ फिरोजाबाद हैं, जो स्थानीय समाचारों, घटनाओं पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय और सटीक जानकारी पहुंचाना है।

Comments (0)

User