Etah News : जीटी रोड पर दुकानदारों का कब्जा, नगरपालिका और पुलिस प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
Etah News : जीटी रोड पर दुकानदारों का कब्जा, नगरपालिका और पुलिस प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
दुकानों से ज्यादा फुटपाथ पर फैला कारोबार, टेंट लगाकर सड़क तक घेरा; ठेले-खोमचे वालों पर ही चलता है अतिक्रमण अभियान? राहगीरों की सुरक्षा रामभरोसे
एटा। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही एटा के मुख्य बाजार जीटी रोड पर अतिक्रमण का ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, जिसे देखकर नगर पालिका और स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बाजार में मोबाइल दुकानदारों समेत अन्य व्यापारियों ने अपनी दुकानों का सामान बाहर निकालकर फुटपाथ और सड़क तक फैला रखा है। कई दुकानदारों ने टेंट लगाकर इस तरह कब्जा कर लिया है, मानो फुटपाथ और सड़क उनकी निजी संपत्ति हों। हैरानी की बात यह है कि कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकान से भी ज्यादा जगह सड़क पर घेर रखी है। दीपावली के त्योहार पर बाजार में खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों की भीड़ बढ़ेगी, ऐसे में जीटी रोड पर पैदल निकलना किसी चुनौती से कम नहीं होगा।
फुटपाथ पर कब्जे के कारण राहगीरों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ रहा है। इससे आए दिन दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की परेशानी का अंदाजा जिम्मेदार अधिकारी शायद नहीं लगा पा रहे हैं। **आखिर अतिक्रमण अभियान बड़े दुकानदारों तक क्यों नहीं पहुंचता?** नगरपालिका का अतिक्रमण हटाओ अभियान अक्सर ठेले-खोमचे वालों तक ही सीमित दिखाई देता है। सवाल यह है कि जब बड़े दुकानदार खुलेआम सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं होती? क्या अतिक्रमण हटाने के नियम केवल गरीब ठेले वालों के लिए हैं? यदि नियम सभी के लिए समान हैं तो फिर जीटी रोड पर बड़े दुकानदारों के अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्रवाई कहां है? त्योहारों से पहले पुलिस थानों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जाती हैं। पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च भी निकाला जाता है, लेकिन इन बैठकों और मार्च का असर बाजार की व्यवस्था में दिखाई क्यों नहीं दे रहा? यातायात व्यवस्था संभालने वाले जिम्मेदार अधिकारियों को सड़क तक फैला सामान और फुटपाथ पर लगे टेंट नजर क्यों नहीं आते?
अब जनता पूछ रही है कि जीटी रोड को अतिक्रमण मुक्त कराने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
क्या नगरपालिका और पुलिस प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? प्रशासन को चाहिए कि बिना किसी भेदभाव के तत्काल अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथ खाली कराए, अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त करे और दोबारा कब्जा करने वालों पर जुर्माना लगाए। दीपावली खुशियों का त्योहार है, राहगीरों के लिए मुसीबत का नहीं। अब देखना यह है कि प्रशासन जीटी रोड को अतिक्रमण मुक्त कराता है या दुकानदारों का सड़क पर कब्जा यूं ही बरकरार रहता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)