मैनपुरी में भारी बारिश और चक्रवात से हुए नुकसान पर प्रभारी मंत्री सख्त, तत्काल राहत और मुआवजा देने के निर्देश
मैनपुरी में भारी बारिश और चक्रवात से हुए नुकसान पर प्रभारी मंत्री सख्त, तत्काल राहत और मुआवजा देने के निर्देश
मैनपुरी (अजय किशोर) मैनपुरी में पिछले दिनों आए चक्रवात और भारी वर्षा के कारण हुए नुकसान की समीक्षा करते हुए होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मवीर प्रजापति ने अधिकारियों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर पीड़ितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने राजस्व, कृषि, विद्युत, ग्राम विकास और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि अतिवृष्टि से हुई जनहानि और फसलों के नुकसान का आकलन कर मृतकों के परिजनों तथा किसानों को प्राथमिकता के आधार पर मुआवजा दिया जाए। साथ ही, वर्षा से क्षतिग्रस्त मार्गों, विशेषकर विद्यालयों को जाने वाले रास्तों को तुरंत गड्ढा-मुक्त करने और परिसरों में जल-भराव की स्थिति न रहने देने के सख्त निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने वर्तमान मौसम को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने और विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर की जांच करने पर जोर दिया ताकि करंट जैसी किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने फसलों के नुकसान का समय से सर्वे कराने और फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को हरसंभव सहायता दिलाने की बात कही। इसके अलावा, पशुपालन विभाग को जल-भराव वाले क्षेत्रों में पशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच करने तथा संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक दवाओं व उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने अतिवृष्टि से हुए नुकसान का ब्योरा देते हुए बताया कि तहसील सदर में 2 व्यक्तियों की मृत्यु तथा 3 व्यक्ति घायल हुए हैं, जबकि विभिन्न तहसीलों (सदर, करहल, भोगांव, किशनी, घिरोर और कुरावली) में कुल 137 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त, तहसील कुरावली में 1 पशुहानि और भोगांव तहसील में तेज बारिश के कारण कच्ची दीवार गिरने से एक वृद्ध की मृत्यु का मामला सामने आया है, हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम और राहत सहायता लेने से इंकार कर दिया। प्रशासन द्वारा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और जल-निकासी के बाद एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि संकट की इस घड़ी में आमजन को त्वरित राहत पहुंचाकर यह संदेश दिया जाए कि सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता सहित लोक निर्माण, विद्युत, नहर, ग्रामीण अभियंत्रण और अन्य संबंधित विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)